गुवाहाटी में जीतेंगे सीरीज: हसी

 
Nov 07, 05:26 pm

गुवाहाटी। भारत के खिलाफ सात मैचों की एक दिवसीय सीरीज में 3-2 की बढ़त बनाने के बाद आस्ट्रेलियाई उप कप्तान माइकल हसी ने कहा कि उनकी टीम छठे वनडे में जीत दर्ज कर सीरीज यहीं जीतने को प्रतिबद्ध है।

हसी ने रविवार के मैच के रोमांचक होने की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि उनकी टीम मुंबई में अंतिम मैच के बजाय कल यहीं सीरीज समाप्त करने के लिए खुद को प्रेरित कर रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कल यहां होने वाला मैच काफी करीबी होगा, लेकिन अब हमारी यही कोशिश है कि हम कल यहां सीरीज अपने नाम कर सकें। हम हैदराबाद में मिली रोमांचक जीत के खुमार से बाहर निकल रहे हैं और उम्मीद है कि यही लय कल के मैच में जारी रख सकें।'

हसी ने कहा, 'हमने लंबे समय का लक्ष्य नहीं बनाया है, लेकिन कल यहां होने वाले मैच की जीत से हम सीरीज जीत लेंगे और इसके बाद हम आईसीसी रैंकिंग में भी अपना शीर्ष स्थान मजबूत कर लेंगे।' गुवाहाटी की पिच की परिस्थितियां हालांकि अनिश्चित लग रही हैं क्योंकि यहां एक दिवसीय मैच का आयोजन दो साल बाद हो रहा है। पिछली बार यहां भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होना था, लेकिन 26 नवंबर को हुए मुंबई आतंकी हमले के बाद यह मैच रद्द हो गया।

हसी ने कहा कि आस्ट्रेलियाई टीम टास गंवाकर खुश होगी। उन्होंने कहा, 'शायद टास गंवाना अच्छा साबित होगा। मैं यहां कभी नहीं खेला हूं, इसलिए यहां की परिस्थितियों को नहीं जानता। मुझे लगता है कि पहले 10 ओवर महत्वपूर्ण होंगे। अगर हम पहले बल्लेबाजी करते हैं तो हमें सतर्क होना पड़ेगा। लेकिन हमें गेंदबाजी मिलती है तो हमें शुरू में कुछ विकेट चटकाने होंगे। मुझे लगता है कि हम इसी रणनीति से हालातों का फायदा उठा सकते हैं।' हसी ने आल राउंडर शेन वाटसन की तारीफों के पुल बांधे, जिन्होंने 89 गेंद में 93 रन की शानदार पारी खेली और आस्ट्रेलियाई टीम को हैदराबाद में चार विकेट पर 350 रन का विशाल स्कोर बनाने में मदद की।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:3.6
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित