
कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग [आईपीएल] के दूसरे सीजन में खराब प्रदर्शन से खोई साख वापस पाने को शाहरुख खान की स्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स टीम प्रबंधन की सारी उम्मीदें अब सौरव गांगुली पर टिक गई हैं।
गांगुली को न सिर्फ टीम का कप्तान बनाया गया है बल्कि उन्हें ढेर सारे अधिकार भी दिए गए हैं यानी एक तरह से उन्हें टीम की 'पावर आफ अटार्नी' सौंप दी गई है। सूत्रों की मानें तो नए कोच डेव व्हाटमोर [आस्ट्रेलिया] व मेंटर वसीम अकरम [पाकिस्तान] के चयन में भी सौरव की अहम भूमिका रही है। प्रबंधन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि अगले सत्र के लिए खिलाड़ियों के चयन में सौरव की खास भूमिका होगी। वे 'ड्राइविंग फोर्स' की तरह काम करेंगे और टीम को सही आकार देंगे।
टीम संबंधी सभी निर्णय उनसे विचार-विमर्श करके लिए जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि आईपीएल में शर्मनाक प्रदर्शन से फ्रेंचाइजी के रूप में टीम की साख पर असर पड़ा है। प्रबंधन अगले सीजन में शानदार वापसी कर इसकी भरपाई करना चाहता है इसलिए सारी उम्मीदें टीम दादा पर टिक गई हैं। उन्हें वे सभी अधिकार दिए गए हैं जो पिछले सत्र में पूर्व कोच जान बुचनैन को मिले थे। जान को टीम संबंधी सभी निर्णय लेने का अधिकार था, जिसके बल पर उन्होंने टीम में व्यापक प्रयोग किया। बीसीसीआई की अगुवाई में हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग के दोनों संस्करणों में कोलकाता की टीम फिसड्डी रही थी। पहले संस्करण में हार के बाद गांगुली को हटाकर न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैक्कुलम को दक्षिण अफ्रीका में खेले गए दूसरे संस्करण के लिए टीम की कप्तानी सौंपी गई थी।