
कानपुर। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की सलाह पर अमल करते हुए उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ [यूपीसीए] 24 नवंबर से भारत और श्रीलंका के खिलाफ कानपुर में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में 100 अनाथ बच्चों को मुफ्त में क्रिकेट मैच दिखाएगा।
यही नहीं मैच के दौरान इन बच्चों के खाने पीने और नाश्ते का इंतजाम तथा इन्हें अनाथालय से स्टेडियम लाने ले जाने का जिम्मा भी यूपीसीए उठाएगा। यूपीसीए के निदेशक ज्योति बाजपेई ने बताया, 'भारत के महान बल्लेबाज तेंदुलकर की राय थी कि चूंकि टेस्ट मैचों में जनता की रुचि कम होती जा रही है और स्टेडियम के अधिकतर स्टालों में सीटें खाली रहती है इसलिए इन सीटों को भरने के लिए स्कूली बच्चों को मुफ्त में टेस्ट क्रिकेट दिखाया जाए। इससे बच्चों में क्रिकेट के प्रति रुचि तो बढ़ेगी ही साथ ही साथ स्टेडियम भी भरा-भरा नजर आएगा।' उन्होंने कहा, 'सभी स्कूली बच्चों को स्टेडियम मैच दिखाने लाना तो एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि उनकी सुरक्षा और देखरेख करनी पड़ेगी लेकिन सचिन तेंदुलकर की सलाह पर अमल करते हुए इस बार यूपीसीए ने पहल कर दी है और पहली बार शहर के यतीम खाने और अनाथाश्रम से 100 बच्चों को मुफ्त में क्रिकेट टेस्ट मैच दिखाया जाएगा।'
यूपीसीए के बाजपेई ने बताया, 'इन बच्चों को ग्रीन पार्क की यूपीसीए गैलरी में बैठाया जाएगा तथा मैच के दौरान इनके भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी संघ ही करेगा। बच्चों की सुरक्षा का जिम्मा यतीमखाने और अनाथाश्रम के अधिकारियों को दिया गया है।' उन्होंने कहा, 'अगर बाद में यतीमखाने और अनाथाश्रम के और अधिक बच्चे ग्रीन पार्क में टेस्ट मैच देखने की मांग करते है तो यूपीसीए उनकी मांग पर भी सहानुभूति पूर्वक विचार करेगा, फिलहाल तो 100 बच्चों को मुफ्त मैच दिखाने की व्यवस्था यूपीसीए ने की है।'