जोहांसबर्ग। भारत के खिलाफ अगले महीने से शुरू होने वाले टेस्ट और एक दिवसीय सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट और एक दिवसीय टीमों की घोषणा कर दी गई है। ऑफ स्पिनर जोहान बोथा ने जहां टेस्ट टीम में वापसी की है वहीं तेज गेंदबाज मखाया एंटिनी टीम में स्थान बनाने में कामयाब नहीं हुए हैं।
दो टेस्ट मैच के बाद होने वाली तीन एक दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए टीम में सलामी बल्लेबाज लूट्स बोसमैन को फिर से शामिल किया गया है। वर्ष 2008 में बांग्लादेश दौरे के बाद बोथा को पहली बार टीम में स्थान मिला है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के चयन समन्वयक माइक प्रॉक्टर ने कहा है कि बोथा की उपस्थिति से टीम को मजबूती मिलेगी। प्रॉक्टर ने कहा, 'एशियाई उपमहाद्वीप में टेस्ट सीरीज में विकल्प के तौर पर दूसरा विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज का होना महत्वपूर्ण है।' इंग्लैंड के खिलाफ स्टैंडर्ड बैंक इंटरनेशनल प्रो 20 की ओर से बोसमैन के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें एक दिवसीय टीम में शामिल किया गया है। बोसमैन ने इस पारी में 94 रन बनाए थे और इससे ग्रीम स्मिथ को ओपनिंग साझेदारी के लिए विश्व रिकार्ड कायम करने में सफलता मिली।
बोसमैन ने 2007 में क्रिकेट विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन लगातार चोटिल रहने की वजह से उन्हें बाहर होना पड़ा था। प्रॉक्टर ने कहा, 'कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक दिवसीय टीम में स्थान बनाने में नाकाम रहे हैं। इनमें हाशिम अमला, रेयान मैक्लारेन और चार्ल लैंगवेल्ट शामिल हैं।' दक्षिण अफ्रीकी टीम इस महीने की तीस तारीख को भारत दौरे पर रवाना होगी। इस दौरे में वह दो टेस्ट मैच तथा तीन एक दिवसीय मैच खेलेगी।
टीम इस प्रकार है:
टेस्ट टीम: ग्रीम स्मिथ [कप्तान] हाशिम अमला, जोहान बोथा, मार्क बाउचर [विकेटकीपर], एबी डीविलियर्स, जेपी डुमिनी, पॉल हैरिस, जैक्स कालिस, रेयान मैक्लारेन, मोर्न मोर्केल, डब्ल्यू पारनेल, अल्वीरो पीटरसन, एशवेल पि्रंस, डेल स्टेन और लोनवाबो सोतसोबे।
वनडे टीम: ग्रीम स्मिथ [कप्तान] लूट्स बोसमैन, जोहान बोथा, मार्क बाउचर [विकेटकीपर], एबी डीविलियर्स, जेपी डुमिनी, हर्शल गिब्स, जैक्स कालिस, एल्बी मोर्केल, मोर्न मोर्केल, डब्ल्यू पारनेल, अल्वीरो पीटरसन, रोएलोफ वानडर मर्व, डेल स्टेन और लोनवाबो सोतसोबे।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।