भारत के चार विकेट गिरे, गंभीर का पचासा

एडिलेड। गेंदबाजों के शानदार प्रयास के बाद बल्लेबाजों ने भारत को अच्छी शुरुआत नहीं दी जिससे सौ रन से पूर्व सचिन तेंदुलकर [15] समेत तीन विकेट गिर गए। हालांकि गौतम गंभीर [नाबाद 68] के शानदार अर्धशतक से भारत ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के पांचवें मैच में श्रीलंका से मिले 237 रनों के जवाब में 30 ओवर में चार विकेट खोकर 130 रन बना लिए हैं। क्रीज पर गंभीर का साथ कप्तान धौनी [क्0]दे रहे हैं।

नुवान कुलाशेखरा ने सचिन को छठवें ओवर में कैच आउट कराकर भारत को पहला तगड़ा झटक दिया। इसके बाद विराट कोहली [15] ने गंभीर का साथ देते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। लेकिन थिषारा परेरा की गेंद पर कोहली एलबीडब्ल्यू हो गए। कोहली आज भले ही बड़ी पारी न खेल पाएं हो लेकिन उन्होंने अपने करियर में तीन हजार पूरे कर लिए। वह तीन हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने 75 पारी में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पूर्व विवियन रिच‌र्ड्स [69], गार्डेन ग्रिनिज [72] और गैरी क‌र्स्टन [72] सबसे तेज रन बनाए हैं। कोहली के जाने के बाद रोहित शर्मा क्रीज पर आए और गंभीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन रोहित एक रन चुराने के प्रयास में जयवर्धने के सटीक थ्रो से रन आउट हो गए। इस बीच पिछले मैच में शतक से चूकने वाले गंभीर ने आज भी अच्छी पारी खेली और 62 गेंदों में करियर का 30वां पचासा पूरा किया। गंभीर ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। लसिथ मलिंगा ने सुरेश रैना [8] को विकेट के पीछे संगकारा के हाथों कैच आउट कराया।

महज 28 रन के स्कोर पर ही सलामी बल्लेबाजों को गंवाने के बाद दिनेश चंडीमल [81] की खेली गई साहसिक पारी और दो अर्धशतकीय साझेदारी के दम पर श्रीलंका ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 236 रन बनाए। चंडीमल ने करियर का पांचवां पचासा ठोका। उन्होंने कुमार संगकारा [31] और कप्तान महेला जयवर्धने [43] के साथ दो बड़ी साझेदारियां भी की। चंडीमल ने 91 गेंदों में छह चौके व एक छक्के की मदद से 81 रन बनाए। भारत की तरफ से विनय कुमार ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। श्रीलंका के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। दोनों टीमों ने अपने एकादश में दो-दो बदलाव किए हैं। भारतीय टीम में वीरेंद्र सहवाग और जहीर खान को शामिल नहीं किया गया है। सचिन तेंदुलकर और इरफान पठान अंतिम एकादश में शामिल किए गए हैं। पठान लंबे समय बाद टीम इंडिया के लिए खेलेंगे। कप्तान धौनी का यह 200वां वनडे मैच है। श्रीलंका ने टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों मैच हारे हैं जबकि भारत को तीन में से दो में जीत मिली है।

इससे पूर्व टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला श्रीलंका के लिए सुखद नहीं रहा। विनय ने मैच की दूसरी ही गेंद पर उपल थरंगा [0] को कैच आउट कर श्रीलंका को पहला झटका दे दिया। पहले ही ओवर में भारत को सफलता मिलने के बाद लंबे समय बाद वापसी कर रहे इरफान पठान ने भी भारत को दूसरी सफलता जल्द दिला दी। पठान ने आठवें ओवर में तिलकरत्ने दिलशान [16] को कैच आउट कराया। दोनों ही कैच विकेटकीपर धौनी ने किए। इसके बाद चंडीमल ने कुमार संगकारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। लेकिन क्रीज पर जम चुके संगकारा अश्विन की गेंद पर खराब शाट खेल बैठे जिसे गंभीर ने आसानी से लपक लिया। संगकारा ने 56 गेंदों में दो चौके की मदद से 31 रन बनाए। इस बीच चंडीमल ने 56 गेंदों में करियर का पांचवां पचासा पूरा किया। श्रीलंका के तीन विकेट 79 रन पर गिर चुके थे तब चंडीमल का साथ देने कप्तान जयवर्धने आए और दोनों ने टीम के लिए 94 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की। लय में दिख रहे गेंदबाज विनय ने जयवर्धने को एलबीडब्ल्यू कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। जयवर्धने ने 49 गेंदों में दो चौके से 43 रन बनाए। जयवर्धने के आउट होने के बाद चंडीमल भी अगले ओवर में रन आउट हो गए। अश्विन ने भारत को जल्द ही एक और सफलता दिलाई। उन्होंने थिषारा परेरा [5] को विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। अंतिम ओवरों में एंजेलो मैथ्यूज [17] के बाद सचित्रा सेनानायके [नाबाद 22] और नुवान कुलाशेखरा [12] अंतिम 10 ओवर में 50 रन ही जोड़ सके।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(20) वोट का औसत

average:4.35
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
  • टेनिस
  • फुटबॉल