ईस्ट बंगाल को दिखानी होगी आक्रामकता

 
May 13, 04:58 pm

साना। ईस्ट बंगाल के खिलाड़ी बुधवार को यहां यमन के अहले साना को हराकर एएफसी कप फुटबाल टूर्नामेंट के नाकआउट चरण में पहुंचने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देंगे।

कोलकाता की टीम ग्रुप बी में सात अंक लेकर इस समय दूसरे नंबर पर है। वह सफा से दो अंक पीछे है जिसका जार्डन के अल विहदत के खिलाफ मैच लेबनान में अस्थिरता के कारण स्थगित कर दिया गया है। यह मैच जीतने पर ईस्ट बंगाल का सफा से एक अंक अधिक हो जाएगा। इससे ग्रुप में उसका कम से कम रनरअप रहना पक्का होगा और उसे क्वार्टर फाइनल का टिकट भी मिल सकता है। ईस्ट बंगाल के कोच आलोक मुखर्जी ने कहा कि हम टूर्नामेंट में अपनी ताकत पहले ही दिखा चुके हैं। मुझे विश्वास है कि हम यह मैच जीत क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब होंगे।

मुखर्जी ने कहा कि हम अपने पिछले मैच में सफा को हरा पाते तो बेहतर होता। हमें वह मैच जीतना चाहिए था मगर हमने गोल करने के कई मौके गंवा दिए। ईस्ट बंगाल के रक्षक देवव्रत राय अपने निलंबन की वजह से इस मैच में नहीं खेल सकेंगे। टीम के गोलची सुब्रत पाल, मिडफील्डर सैयद रहीम नबी और एडमिलसन मार्खेज पूरी तरह से फिट नहीं हैं। अहले साना क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की होड़ से पहले ही बाहर हो चुका है। वह पांच मैचों से तीन अंक लेकर अपने ग्रुप में सबसे नीचे है। लेकिन वह अपने अभियान का अंत अपनी जमीन पर जीत के साथ करना चाहेगा।

अहले साना के कोच मोहम्मद अल याराइमी ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि तैयारी में कमी का असर हमारे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नहीं पडे़गा। उन्होंने कहा कि तैयारी के लिए अच्छे स्टेडियम के अभाव में इस टूर्नामेंट में हमारा प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। कोच बदलने से भी कुछ परेशानी हुई मगर हमारे खिलाड़ियों का हौसला बुलंद हैं। अहले साना के गमाल अल कुदाइमी की नाक का आपरेशन होना है और इसकी वजह से इस मैच में नहीं खेल सकेंगे।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित