
मडगाव। नाईजीरियाई खिलाड़ियों रैंटी मार्टिस और इदेह चिदी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत डेम्पो स्पोर्ट्स क्लब ने बुधवार को ओमान के सुर क्लब पर 5-2 की जीत दर्ज करने के साथ एएफसी कप फुटबाल टूर्नामेंट के नाक आउट चरण के लिए क्वालीफाई करने की अपनी संभावना मजबूत कर ली। एक अन्य मैच में ईस्ट बंगाल का क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया क्योंकि उसे बुधवार को फाइनल ग्रुप बी लीग मैच में यमन के अहली साना क्लब से 1-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
डेम्पो ने इस जीत के साथ ही इससे पहले सुर क्लब के साथ हुए मुकाबले में 2-3 से मिली शिकस्त का बदला ले लिया है। आज के मैच में जीत के साथ डेम्पो दस अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। उसने छह में से तीन मैचों में जीत हासिल की है जबकि एक में ड्रा और दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। अंकतालिका में सबसे नीचे चल रहे सुर क्लब के पास चार मैचों से चार ही अंक हैं।
अन्य मुकाबले में यमन की टीम ने 44वें मिनट में यह अहम गोल कर टीम को जीत दिलाई और एल मोहसेन अल मुरासी स्टेडियम में इस बढ़त को बरकरार रखा। ईस्ट बंगाल को एशिया के दूसरे टीयर के क्लब टूर्नामेंट के नाक आउट चरण में पहुंचने के लिए एक जीत की जरूरत थी। इस जीत से वह छह मैचों में सात अंक हासिल करने में सफल रहा। कोलकाता की टीम के पास सर्वश्रेष्ठ तीन उपविजेता टीमों में पहुंचने का मौका था लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई।