लंदन। घुटने की चोट से उबर रहे 29 वर्षीय माइकल ओवेन ने शुक्रवार सुबह कैरिंगटन स्थित मैनचेस्टर यूनाइटेड [एमयू] के ट्रेनिंग ग्राउंड का दौरा किया। न्यूकास्टल से अनुबंध खत्म होने के बाद ओवेन यूनाइटेड से जुड़ सकते हैं। वहीं आर्सेनल वेंगर को पूरा भरोसा है कि इम्मैनुअल एडेबयोर उनके क्लब से जुड़े रहेंगे। क्लब ने हालांकि उनके विकल्प के रूप में बोर्डिएक्स स्ट्राइकर मैराउनी चमाख के नाम पर भी विचार किया है।
ओवेन के जल्दी ही मैनचेस्टर हास्पिटल में घुटने से संबंधित अन्य टेस्ट कराने की उम्मीद है। ओवेन पिछले कुछ समय से चोटों की समस्या से जूझ रहे हैं। ओवेन का न्यूकास्टल के साथ अनुबंध एक जुलाई को खत्म हो गया है। लिवरपूल व रीयल मैड्रिड के लिए खेल चुके ओवेन के अब यूनाइटेड के साथ जुड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। अगर ऐसा होता है तो इस सत्र के अंत में अपने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो व अर्जेटीना के स्ट्राइकर कार्लोस टावेज को गंवा चुका मैनचेस्टर इससे निश्चित ही राहत महसूस करेगा। यूनाइटेड ने हालांकि इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
एसी मिलान ने आर्सेनल के एडेबयोर को खरीदने की इच्छा जाहिर की है। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने हालांकि क्लब बदलने की दिशा में कोई रुचि नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं आर्सेनल से जुड़े रहकर काफी खुश हूं। वहीं आर्सेनल की भी इस खिलाड़ी को बेचने की कोई इच्छा नहीं है, जिसने वर्ष 2007-08 के सत्र में उसकी तरफ से 30 गोल किए थे। क्लब के अनुसार अगर एडेबयोर अलग होना चाहते हैं तो हमें कोई एतराज नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि वो इस सत्र तक हमारे साथ जुड़े रहेंगे। वेंगर ने अभी तक केवल बेल्जियम के डिफेंडर थामस वेरमैलेन को अनुबंधित किया है। क्लब हालांकि एडेबयोर के अलग होने की सूरत में चमाख को लेने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
वेंगर ने इस बारे में कहा कि बेशक हम ऐसा सोच रहे हैं, लेकिन हमारी प्राथमिकता अभी भी एडेबयोर ही है। आर्सेनल की निगाहें लियोन के करीम बेंजिमा पर भी है, जो रीयल मैड्रिड से जुड़ने के लिए लगभग तैयार हैं। वेंगर के अनुसार हम बेंजिमा को भी अपने साथ जोड़ना चाहते थे, लेकिन वे पहले ही मैड्रिड के साथ अनुबंध पर आगे बढ़ चुके हैं। वेंगर ने हालांकि साथ ही कहा कि बाजार के हिसाब से मैड्रिड 35 मिलियन यूरो में बेंजिमा को खरीदने पर विचार कर रहा है, जो कि एक बहुत अच्छी बात है। मगर क्या बेंजिमा 80 मिलियन पाउंड में खरीदे गए क्रिस्टियानो रोनाल्डो से तीन गुना कम अच्छे खिलाड़ी हैं। मुझे ऐसा नहीं लगता। आर्सेनल इसके साथ ही कई युवा खिलाड़ियों के साथ लांग टर्म डील करने पर भी विचार कर रहा है। क्लब के सदस्य जैक विलशेयर व आरोन रामसे ने पहले ही अपने अनुबंध बढ़ाने पर सहमति दे दी है। [द इंडिपेंडेंट]