
कोलकाता। नाईजीरियाई इदेह चिदी के हैट्रिक सहित चार गोल की मदद से मोहन बागान ने आई लीग फुटबाल टूर्नामेंट के चौथे दौर के मैच में रविवार को यहां अपने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल को 5-3 से हराया।
माना जा रहा था कि बाईचुंग भूटिया इस मैच में अपनी पुरानी टीम से बदला चुकता करने की कोशिश करेंगे लेकिन मैच में सिर्फ चिदी छाए रहे और उनके प्रदर्शन ने भारतीय फुटबाल कप्तान की मौजूदगी को फीका कर दिया। पहले हाफ में छह गोल हुए जिनमें दोनों टीमों के बराबर गोल थे लेकिन चिदी ने रिकार्ड स्कोर लाइन से बागान को जीता दिया। बागान की तरफ से चिदी ने 17वें, 33वें, 46वें और 66वें मिनट में जबकि मनीश मथानी ने 22वें मिनट में गोल किया। चिदी को मैन आफ द मैच चुना गया।
ईस्ट बंगाल की तरफ से यासिफ याकुबु ने 35वें और 44वें जबकि निर्मल छेत्री ने आठवें मिनट में गोल किया। इस जीत से मोहन बागान ने 1975 के आईएफए शील्ड्स फाइनल में ईस्ट बंगाल के हाथों मिली 0-5 की हार का बदला भी चुकता कर दिया।