
लुधियाना। गोवा की टीम डेंपो स्पोर्टिग क्लब ने ओएनजीसी आई लीग फुटबाल टूर्नामेंट में बुधवार को जेसीटी को 2-1 से हराया। वहीं मड़गांव में खेले गए एक मुकाबले में पुणे एफसी ने गत चैंपियन चर्चिल ब्रदर्स को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया।
जोकिम अब्रानचेज ने डेंपो की तरफ से 43वें मिनट में पहला गोल किया जबकि भारतीय स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने 71वें मिनट में खूबसूरत गोल दागकर स्कोर 2-0 किया। जेसीटी की तरफ से एकमात्र गोल 72वें मिनट में बलजीत साहनी ने किया।
वहीं मड़गांव में खेले गए आई-लीग के एक मुकाबले में पुणे एफसी ने यहां गत चैंपियन चर्चिल ब्रदर्स को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। बुधवार को नेहरू स्टेडियम में खेले गए पांचवें दौर के मुकाबले में चर्चिल को 44वें मिनट में बढ़त मिली, जब ओडाफे ओकोली ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला। मैच के 76वें मिनट में एफसी के एडमार ने गोल कर हिसाब बराबर कर दिया।
चोट से बागान परेशान
शिलाग। चोटग्रस्त खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे क्लब मोहन बागान बृहस्पतिवार को आईलीग मुकाबले में आत्मविश्वास से प्रेरित लाजोंग से भिड़ेगा। बागान की ओर से इस महत्वूपर्ण मुकाबले से स्टार स्ट्राइकर जोस बरेटो और एनएस मंजू चोट के कारण बाहर रहेंगे। बागान को साथ ही शानदार फार्म में चल रहे इदेह चिदी की सेवाओं से भी वंचित रहना पड़ सकता है। कोच करीम बेंचेरिफा ने कहा कि चिदी के खेलने पर अंतिम फैसला मैच की सुबह ही किया जाएगा। उन्होंने साथ ही कहा कि अहम खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बावजूद इस मुकाबले में वे विपक्षी टीम के खिलाफ जीत का पूरा जोर लगा देंगे।
सलगांवकर से बागान की टक्कर
कोलकाता। मोहन बागान के हाथों मिली हार के सदमे से उबरते हुए ईस्ट बंगाल अब बृहस्पतिवार को होने वाले आईलीग मुकाबले में सलगांवकर से लोहा लेने के लिए तैयार है। बागान के साथ हालांकि कोई कोच नहीं होगा, क्योंकि ईस्ट बंगाल से हार के बाद सुभाष भौमिक ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। नए कोच के लिए बेल्जियम के फिलिप डि रिडर के नाम पर सहमति लगभग बन चुकी है। यह कोच बागान के 12 नवंबर को लाजोंग के खिलाफ होने वाले मैच में टीम से जुड़ जाएगा। फिलहाल ऐसे में इस मुकाबले में भारतीय फुटबाल टीम के कप्तान बाईचुंग भूटिया नई भूमिका में नजर आएंगे। भूटिया मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से मैच तो नहीं खेल पाएंगे, लेकिन वे सहायक कोच तुषार रक्षित के साथ मिलकर खिलाड़ियों को टिप्स देते नजर आएंगे।