
शिलांग। मोहन बागान ने एक गोल से पिछड़ने के बाद मार्कोस परेरा की मदद से किए गए गोल से आई लीग के पांचवें राउंड में बृहस्पतिवार को शिलांग लाजोंग एफसी को 2-1 से मात दी।
स्थानीय क्लब ने 54वें मिनट में एबोर खोंजी द्वारा पेनल्टी से किए गए गोल से बढ़त बनाई। इसके बाद मोहन बागान ने इदेह चिदी के 63वें मिनट में किए गए गोल से बराबरी की जबकि मार्कोस परेरा ने 66वें मिनट में गोल दागकर अपने क्लब को जीत दिलाई। नाईजीरिया के चिदी के नाम पांच गोल हैं, जिससे वह अभी तक पांच राउंड में आई लीग में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं।
पिछले मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल को हराने के बाद मोहन बागान की यह लगातार तीसरी जीत है और उसके पांच मैचों में नौ अंक हैं। लाजोंग के पांच मैचों में दो जीत और तीन हार से छह अंक हैं।
वहीं नाईजीरियाई स्ट्राइकर इनेके इकेनवा के अंतिम क्षणों में किए गए गोल की मदद से सलगांवकर एससी ने विद्यासागर क्रिड़ांगन में हुए आई लीग के पांचवें राउंड के फुटबाल मैच में ईस्ट बंगाल को जीत से महरूम करते हुए उसे 1-1 से ड्रा पर रोका।
पिछले मैच में मोहन बागान से हारने की निराशा के बाद कोच सुभाष भौमिक की अनुपस्थिति में ईस्ट बंगाल ने एबेल हैमंड की मदद से 13वें मिनट में 1-0 की बढ़त बनाई। हैमंड को मैन आफ द मैच चुना गया। लेकिन सलगांवकर ने इनेके ने 89वें मिनट में किए गोल से बराबरी हासिल की। सलगांवकर के चार मैचों के बाद पांच अंक हैं जबकि ईस्ट बंगाल के पांच मैचों में केवल तीन अंक हैं।