
मुंबई। ओग्बा कालू ननाना के शानदार प्रदर्शन से गत विजेता चर्चिल ब्रदर्स ने रविवार को कूपरेज मैदान में आई लीग फुटबाल चैंपियनशिप के छठे राउंड में एयर इंडिया को 3-2 से हराया।
कालू ने 31वें और 37वें मिनट में दो गोल किए। कप्तान और करिश्माई स्ट्राइकर ओडाफे ओकोली ने टीम के लिए 86वें मिनट में निर्णायक गोल किया। एयर इंडिया के लिए मोहम्मद डाडा नाबेल ने चौथे और एनडी ओपारा ने 46वें मिनट में गोल किया।
दूसरी तरफ, गोवा डेम्पो एससी ने पुणे के बालेवाड़ी खेल परिसर में हुए आई लीग फुटबाल चैंपियनशिप के छठे राउंड के मैच में पुणे एफसी से 1-1 से ड्रा खेला। पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, लेकिन घरेलू टीम ने अराटा इजुमी ने 85वें मिनट में गोल दागकर बढ़त बनाई। फिर गोवा ने वापसी की और एंथोनी परेरा ने 89वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया।