
बारासात/मुंबई। स्ट्राइकर जोशिमेर के दोहरे गोल की बदौलत अजेय चिराग यूनाइटेड ने शुक्रवार को सलगांवकर एससी को 2-0 से हराकर ओएनजीसी आई लीग फुटबाल टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया। वहीं सातवें दौर के एक अन्य मुकाबले में वीवा केरल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिंद्रा यूनाइटेड को बराबरी पर रोक दिया।
पिछले सत्र में पहली बार आई लीग में भाग लेने वाले चिराग ने इस बार अभी तक एक भी मैच नहीं गंवाया है और सात मैचों में उसके 15 अंक हैं। इस मैच से पहले वह डेंपो स्पोर्टिग क्लब के साथ 12 अंक लेकर संयुक्त रूप से शीर्ष पर था।
दूसरी ओर मुंबई में खेले गए एक अन्य मुकाबले में वीवा केरल ने महिंद्रा यूनाइटेड को 1-1 से ड्रा पर रोक दिया। विसूट बी [29वां] और मुहम्मद रफी [54वां मिनट] ने क्रमश: केरल और महिंद्रा के लिए गोल किए। इस ड्रा के बाद महिंद्रा यूनाइटेड के सात मैचों में 11 अंक हैं, जबकि केरल वीवा के छह मैचों में चार अंक हैं।