फाइनल में जगह बनाने उतरेगा भारत

 
May 16, 05:53 pm

इपोह। भारत अपने अंतिम राउंड रोबिन मैच में शनिवार को जब यहां मलेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगा तो उसका लक्ष्य मेजबान टीम को हर हाल में शिकस्त देकर अजलान शाह हाकी टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की करने का होगा।

भारत अगर इस मैच में मलेशिया को हराने में सफल रहता है तो वह खिताबी मुकाबले में अर्जेटीना से भिड़ेगा लेकिन अगर वह इस मैच को ड्रा खेलता है या हार जाता है तो पाकिस्तान बेहतर गोल अंतर के आधार पर फाइनल का सफर तय कर लेगा। बीजिंग ओलंपिक में जगह बना चुकी तीन टीमों को लगातार मैचों में शिकस्त देने के बाद भारत का हौसला बढ़ा हुआ होगा लेकिन अगर टीम इस अहम मुकाबले में जीतना चाहती है तो उसे मलेशिया के तेज आक्रामक खिलाड़ियों पर लगाम कसनी होगी।

भारतीय हाकी कोच एके बंसल ने कहा, 'मलेशियाई खिलाड़ी काफी तेज हैं और मैदान पर काफी तेजी से मूव करते हैं। वह तेजी पर निर्भर रहते हैं। हमारी उम्मीदें इस बात पर निर्भर है कि कौन मैच की गति पर नियंत्रण करता है।' उन्होंने कहा, 'हमने बीजिंग के लिए क्वालीफाई करने वाली तीन टीमों [कनाडा, बेल्जियम और पाकिस्तान] को हराया है। मलेशिया की सीनियर टीम अपने घर में खेल रही है। लेकिन लड़कों ने सफलता का स्वाद चख लिया है और वे इस मौके को आसानी से हाथ से नहीं जाने देंगे।'

बसंल का मानना है कि मलेशिया की टीम पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने में काफी अच्छी है इसलिए भारत को उससे निपटने के लिए शार्ट कार्नर पर अपने डिफेंस को मजबूत करना होगा। भारत पिछले साल इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में मलेशिया से 0-1 से हार गया था लेकिन मौजूदा प्रतियोगिता में मेजबान अपने पिछले तीन मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे चल रहा है। बंसल ने कहा, 'यह हमारे लिए काफी अहम मैच है। मेरा मानना है कि अपनी सरजमीं पर मलेशियाई काफी खतरनाक हैं। हम कोई गलती करने का खतरा नहीं मोल ले सकते।

भारतीय कोच ने इस बात पर खुशी जताई कि टीम के सभी 18 सदस्य फिट हैं। मैनेजर परगट सिंह ने टीम को सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा, 'मेजबान टीम के खिलाफ अगर जीत दर्ज करनी है तो भारत के मिडफील्डरों को बेहतर खेल दिखाना होगा।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित