
बगदाद। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति [आईओसी] ने इराक के अगले महीने होने वाले बीजिंग ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इराकी सरकार द्वारा अपने देश की ओलंपिक समिति को बर्खास्त किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
इराक ने अपनी ओलंपिक समिति के गठन को लेकर उपजे विवाद के बाद मई में देश की ओलंपिक समिति को बर्खास्त कर दिया था। इराकी ओलंपिक समिति के महासचिव हुसैन अल हमीदी ने कहा, 'आईओसी द्वारा इराकी ओलंपिक समिति की सदस्यता निलंबित किए जाने के अंतिम निर्णय के बारे में हमें बृहस्पतिवार सुबह जानकारी मिली। यह आईओसी का अंतिम निर्णय है और इसमें अपील की कोई गुंजाइश नहीं है।' इसका मतलब यह है कि इराक बीजिंग ओलंपिक खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएगा। यह इराक की छवि को धक्का तथा उसके एथलीटों और युवाओं के लिए करारा झटका है। ओलंपिक की तैयारी कर रहे एथलीट इस पाबंदी से बेहद दुखी और निराश हैं। आईओसी के प्रवक्ता एमानुएल मोरीऊ ने कहा, 'हमने इराकी सरकार को पत्र भेजकर कहा है कि मौजूदा हालात के मद्देनजर बीजिंग ओलंपिक खेलों में इराकी एथलीटों की मौजूदगी वांछित नहीं है।
गौरतलब है कि इराक ने वर्ष 2003 में देश पर हुए अमेरिकी हमले के बाद से अब तक हुई हिंसा में 100 से ज्यादा एथलीटों के मारे जाने की वजह से बीजिंग ओलंपिक खेलों में अपना छोटा सा दल भेजने की योजना बनाई थी।