
ब्रसेल्स। ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकार्ड धारी उसैन बोल्ट शुक्रवार को एथलेटिक्स मीट की 100 मीटर स्पर्धा में विश्व चैंपियन टायसन गे और हमवतन जमैका के असाफा पावेल को पछाड़ने की कोशिश करेंगे।
दुनिया के सबसे तेज धावक बोल्ट का इरादा एक बार फिर 100 मीटर का विश्व रिकार्ड तोड़ने का है और वह इस सत्र में तीसरी बार एक नया रिकार्ड बनाने की फिराक में होंगे। बोल्ट ने 100 मीटर, 200 मीटर और चार गुणा 100 मीटर की स्पर्धा में विश्व रिकार्ड के साथ ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था। अब उनका सामना पूर्व रिकार्डधारी पावेल और विश्व चैंपियन टायसन गे से है। अमेरिका के गे मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे है और वह चीन में 100 मीटर फाइनल में प्रवेश करने में असफल रहे थे जबकि पूर्व विश्व रिकार्डधारी पावेल बीजिंग में निराशाजनक पांचवें स्थान पर रहे थे।
ये तीनों दुनिया के सबसे तेज धावक है लेकिन 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले किंग बोउदोइन स्टेडियम में सभी की नजरें बोल्ट पर होगी जिसने पिछले महीने बीजिंग में विश्व रिकार्ड के साथ तीन स्वर्ण पदक जीते। बोल्ट ने 100 मीटर में 9.69 सेकेंड का रिकार्ड बनाया। एक बार फिर उनके पास मौका है कि वह अपने रिकार्ड को बेहतर कर दे।