समाचार

हैमिल्टन को दंड, मासा बने विजेता

Sep 07, 10:15 pm
  Print

स्पाफ्रैंकोचैंप्स [बेल्जियम]। ब्रिटेन के लुईस हैमिल्टन की जीत की खुशी बहुत देर तक बनी नहीं रह सकी। रविवार को बेल्जियन ग्रा. प्री में विजेता बनने के कुछ देर बाद उन पर दंड लगा दिया गया जिससे फेरारी के चालक फिलिप मासा इस रेस के चैंपियन बन गए। फोर्स इंडिया के दोनों ड्राइवर सत्र में चौथी बार रेस पूरी करने में सफल रहे।

ब्राजील के चालक मासा को बेल्जियन ग्रां प्री का विजेता घोषित किया गया जबकि मैकलारेन के ड्राइवर लुईस हैमिल्टन को एक जरूरी कार्नर छोड़ने के लिए दंड भुगतना पड़ा। हैमिल्टन ने विश्व चैंपियन किमी राइकोनेन के साथ आखिरी क्षणों के रोमांचक मुकाबले में यह कार्नर छोड़ा था। हैमिल्टन ने मासा से 14.4 सेकंड पहले रेस पूरी की जबकि राइकोनेन एक बैरियर में उलझ गए लेकिन ब्रिटिश ड्राइवर हैमिल्टन को गलत तरीके से रेस पूरी करने के लिए 25 सेकंड का दंड झेलना पड़ा।

एफआईए ने एक बयान में कहा कि हैमिल्टन ने आखिरी मोड़ पर जरूरी कार्नर छोड़कर बढ़त बनाई जिससे वह वर्षा से बाधित फाइनल रेस में राइकोनेन से आगे निकल गए। इस दंड के बाद हैमिल्टन तीसरे स्थान पर खिसक गए। बीएमडब्ल्यू के निक हीडफील्ड दूसरे स्थान पर रहे। मैकलारेन रविवार के इस अंतिम फैसले के खिलाफ तुरंत अपील नहीं कर सके हैं। उन्होंने एफआईए की अंतरराष्ट्रीय अपीली अदालत में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आधिकारिक रूप से शिकायत कब दर्ज कराई जाएगी और उस पर सुनवाई कब होगी। टीम के अनुसार हमारे पास कोई और विकल्प नहीं है।

मासा की यह लगातार दूसरी जीत है। दो हफ्ते पहले वह वालेंशिया में विजयी रहे थे। रेस में 44 में से आखिरी तीन लैप के दौरान बारिश होने से काफी दिक्कतें पेश आई। कारों को रूकना पड़ा और आखिरी पांच मिनट में ही सारी सरगर्मियां देखी गई। पहले स्थान पर आने के लिए उतावले हैमिल्टन ने सर्किट का एक अहम कार्नर छोड़ दिया। उनका कहना है कि राइकोनेन ने उनके लिए रास्ता ही नहीं छोड़ा था। हैमिल्टन की इस हरकत में कुछ भी गैर कानूनी नहीं है क्योंकि उसके बाद वह फेरारी के राइकोनेन के पीछे ही चल रहे थे।

मशहूर भारतीय व्यवसायी विजय माल्या की फोर्स इंडिया के ड्राइवर एड्रियन सुतिल 13वें और जियानकार्लो फिशिचेला 17वें स्थान पर रहे। बीएमडब्ल्यू साबर के निक हेडफील्ड तीसरे स्थान पर रहे। पेनल्टी के बावजूद हैमिल्टन ने मासा पर दो अंक की बढ़त कायम रखी है और अभी सत्र की पांच रेस बची है। हैमिल्टन के 76 अंक है जबकि बीएमडब्ल्यू-साउबेर के पोलिश चालक राबर्ट कुबीका 58 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। विश्व चैंपियन राइकोनेन जो पेनल्टीमेट लैप में पिछड़ गए और वे 57 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति