समाचार

सुशील ने ठुकराया सलमान का न्यौता

Jul 03, 03:53 pm
  Print

नई दिल्ली। ओलंपिक कांस्य पदक जीतने के बाद अब विश्व चैंपियनशिप में सोने का तमगा हासिल करके इतिहास रचने की तैयारियों में जुटे पहलवान सुशील कुमार ने अपना यह सपना पूरा करने के लिए रीयल्टी शो दस का दम में शामिल होने का सलमान खान का प्रस्ताव ठुकरा दिया।

सुशील को कुश्ती का ककहरा सिखाने वाले कोच महाबली सतपाल ने बताया, 'सुशील को कुश्ती ने बनाया है और उसे अभी काफी कुछ हासिल करना है इसलिए वह केवल अपनी तैयारियों में ध्यान दे रहा है।' उन्होंने कहा, 'पहले नच बलिए [रियलिटी शो] की तरफ से 55 लाख रुपये का आफर मिला था और अब दस का दम वाले भी उसे लेना चाहते थे लेकिन हमने कह दिया कि शिविर में अभ्यास में व्यस्त होने के कारण उसके पास समय नहीं है।' बीजिंग ओलंपिक में सुशील की तरह ही कांस्य पदक जीतने वाले मुक्केबाज विजेंदर सिंह दस का दम में मल्लिका सहरावत के साथ आए थे। इसके बाद अगले शो के लिए निर्माता सुशील को लेना चाहते थे लेकिन इस पहलवान ने यह कहकर प्रस्ताव ठुकरा दिया कि वह अपना ध्यान नहीं बंटाना चाहते हैं।

इस बीच सुशील ने कहा, 'मेरा लक्ष्य डेनमार्क में 21 से 27 सितंबर तक होने वाली विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करना है और इसके लिए मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं।' डार्टमंड में हाल में संपन्न हुई जर्मन ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे इस पहलवान ने कहा, 'अब तक भारत के किसी पहलवान ने विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक नहीं जीता है और मुझे आशा है कि मैं वहां यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहूंगा। मुझे पता है कि वहां मुकाबला बहुत कड़ा होगा लेकिन मैं इसके लिए कड़ी तैयारी कर रहा हूं।'

सुशील ने कहा, 'विश्व चैंपियनशिप में रूस, क्यूबा, जार्जिया, उक्रेन, ईरान आदि देशों से कड़ी चुनौती मिलेगी। मेरी यह तीसरी विश्व चैंपियनशिप होगी लेकिन मुझे अब काफी अनुभव हो गया है। मैं विरोधी पहलवानों की चाल समझने लग गया हूं और इसका मुझे फायदा मिलेगा।' भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत स्थित ताऊ देवीलाल स्पो‌र्ट्स कांपलेक्स में चैंपियनशिप की तैयारी में जुटे सुशील ने पहली बार 2003 में अमेरिका में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में भाग लिया था जिसमें वह चौथे स्थान पर रहे थे। इसके बाद 2007 में अजरबेजान में वह सातवें नंबर पर रहे जिससे उन्होंने बीजिंग ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया जहां वह कांस्य पदक जीतकर केडी जाधव के बाद ओलंपिक पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पहलवान बने।

सुशील ने कहा, 'मेरे प्रदर्शन में लगातार सुधार हो रहा है और मैं सकारात्मक परिणाम हासिल करने के लिए पहले से अधिक आश्वस्त हो गया हूं।' उन्होंने कहा, 'जर्मनी में मैंने चारों मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया तथा पहले मुकाबले में बेल्जियम और तीसरे में उजबेकिस्तान के पहलवान को चित किया जबकि दो अन्य मुकाबलों में अंक से जीत दर्ज की।'

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति