मुंबई। राष्ट्रीय चैंपियन अरविंद भट दूसरे टाटा ओपन आल इंडिया बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल के पहले दौर में शुक्रवार को अपेक्षाकृत अनजान खिलाड़ी के हाथों हारकर बाहर हो गए।
दूसरी वरीयता प्राप्त भट दक्षिण पूर्व एशिया में तीन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के बाद इस प्रतियोगिता में उतरे थे लेकिन क्वालीफाई करके आए आंध्र प्रदेश के खिलाड़ी के. तनिष्क ने 40 मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें 21-19, 21-16 से पराजित कर दिया। पहले ही दौर में हारकर बाहर होने से निराश भट ने कहा, 'मैं कोर्ट पर अच्छा महसूस नहीं कर रहा था और प्रतिद्वंद्वी ने बेहतर खेल दिखाया। स्कोर के नजदीक होने के दौरान वह नर्वस हो सकता था लेकिन उसने खुद पर काबू रखा।' भट ने माना कि उनसे कई गलतियां हुई और वह अपनी मर्जी के मुताबिक शटल पर नियंत्रण नहीं रख सके। बेंगलूर स्थित पादुकोण अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे भट ने कहा, 'मैं अब ब्रेक लूंगा और हैदराबाद में अगस्त में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अभ्यास अगले हफ्ते से शुरू करूंगा।'
उधर, शीर्ष वरीय चेतन आनंद अपनी टीम के सहयोगी तीसरी वरीयता प्राप्त पी. कश्यप तथा छठी वरीयता वाले अजय जयराम के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।