
नई दिल्ली। रुपेश कुमार और थामस सानावे की भारतीय युगल जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को जर्मनी में बिट्बर्गर ओपन के युगल फाइनल में इंग्लैंड के क्रिस एडकाक और एंड्रयू एलिस की जोड़ी को हराकर इस वर्ष का अपना दूसरा खिताब जीता।
शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ने एक घंटे सात मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में सातवें वरीय प्रतिद्वंद्वी को 17-21, 22-20, 24-22 से शिकस्त दी। विश्व की 19वें नंबर की जोड़ी रुपेश और थामस ने जुलाई में ग्रां प्री खिताब जीता था और इसी महीने आस्ट्रेलियाई ओपन ग्रां प्री में उपविजेता रहे थे। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में आस्ट्रिया की पांचवीं वरीय जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
एकल मुकाबलों में भारतीय चुनौती क्वार्टर फाइनल तक ही रही। क्वार्टर फाइनल में 11वें नंबर के आनंद पवार पांचवें वरीय एरिक पैंग के हाथों हार गए थे। पवार ने शुरुआती मुकाबले में शीर्ष वरीय चेतन आनंद को हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया था।