
सर्रे। संदीप सिंह के शानदार फार्म की बदौलत भारत ने कनाडा को 3-1 से हराकर सात मैचों की हाकी टेस्ट सीरीज में 4-0 की विजयी बढ़त बना ली है।
संदीप ने 35वें और 67वें मिनट में गोल किया जबकि गुरविंदर सिंह चांदी ने 29वें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। कनाडा के लिए एकमात्र गोल डेविड जेमसन ने 41वें मिनट में दागा। कनाडा ने आक्रामक शुरुआत करके जल्दी ही पेनल्टी कार्नर हासिल कर लिया लेकिन स्काट टपर की फ्लिक में दम नहीं था। दूसरी ओर भारत ने शुरुआत में कई सहज गलतियां की। फारवर्ड प्रभजोत सिंह, कप्तान राजपाल सिंह, सरवनजीत सिंह और चांदी खराब फार्म में लग रहे थे। दोनों टीमों को पहले क्वार्टर में दो-दो पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन उन्हें तब्दील नहीं किया जा सका।
भारत के लिए पहला गोल चांदी ने 29वें मिनट में किया जिसके लिए मूव सरदार सिंह और प्रभजोत ने बनाया था। चांदी दोबारा गोल करने की दहलीज पर थे लेकिन उनका शॉट बाहर निकल गया। भारत के लिए दूसरा गोल संदीप ने पेनल्टी कार्नर पर किया। दूसरे हॉफ में भारतीयों ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया जबकि कनाडा आक्रामक नजर आया। जेमसन ने 41वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। हूटर से तीन मिनट पहले संदीप ने गोल करके भारत की बढ़त 3-1 की कर दी जो अंत तक कायम रही।