
हनोई [वियतनाम]। मौजूदा विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी ने मंगलवार को 15 रेड स्नूकर प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर तीसरे इंडोर एशियाई खेलों में भारत की पदक की उम्मीद जीवंत रखी।
आडवाणी सोमवार को सिक्स रेड स्नूकर के प्री क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए थे लेकिन 15 रेड स्नूकर में उन्होंने अधिक परिपक्वता और अपने कौशल का अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले दौर में हांगकांग के एयु ची वेइ को 35-74, 69-38, 72-00, 69-21, 14-76, 67-15 से हराया और इसके बाद बू्रनेई के हुसैन महमूद अली महमूद को भी 4-2 के अंतर से मात दी। उन्होंने महमूद को 61-68, 44-63, 73-18, 77-12, 67-29, 63-9 से पराजित किया।
सिक्स रेड स्नूकर में चौथे नंबर पर रहने वाले दिल्ली के मनन चंद्रा ने 15 रेड स्नूकर में अच्छी शुरुआत की तथा ब्रूनेई के अहमद गुलाम हसन मौनेदी को 4-0 से मात दी।