
नई दिल्ली। भारत के शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी सौरव घोषाल कुवैत सिटी में चल रहे दो लाख 77 हजार 500 डालर ईनामी विश्व स्क्वैश ओपन में मिस्र के करीम दारविश से हारकर बाहर हो गए। इस प्रतियोगिता में 24 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
विश्व के 34वें नंबर के खिलाड़ी घोषाल इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में पहली बार दूसरे दौर में पहुंचे थे। वह कल रात ग्रीन आइलैंड में आल ग्लास कोर्ट पर दारविश से 40 मिनट में 4-11, 5-11, 9-11, 1-11 से पराजित हुए। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे एकमात्र भारतीय घोषाल ने पहले दौर में फ्रेंच क्वालीफायर मैथ्यू कोस्टागनेट को 0-11, 11-6, 11-8, 11-5 से हराया था। चेन्नई के इस 29वीं वरीय खिलाड़ी ने मैच के बाद कहा, कि यह मेरे लिए बुरा मुकाबला था। करीम ने बेहतरीन खेल दिखाया और मुझे कोई मौका नहीं दिया।