
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में वर्ष 2010 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए बजट को 767 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1620 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों के मंत्रिमंडलीय समूह की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा, 'मंत्रिमंडल ने खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित 1620 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दे दी है। यह राशि राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति को सरकार द्वारा निर्धारित ब्याज दर पर कर्ज के रूप में दी जा रही है।' सोनी ने बताया कि आयोजन समिति को उम्मीद है कि जो संशोधित बजट मंजूर किया गया है, उसके विपरीत वह राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के माध्यम से 1708 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने में सफल रहेगी।
आयोजन समिति का अनुमान है कि प्रायोजकों, टेलीविजन अधिकार और टिकटों की बिक्री से होने वाली आय से उसे राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में फायदा होगा। 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर, 2010 के बीच होना है। इन खेलों के अंतर्गत 17 स्पर्धाएं आयोजित होंगी।