
बैंकाक। कोरिया के खिलाफ एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले में 3-2 से जीत दर्ज करने के साथ भारतीय महिला हाकी टीम ने दोहरी सफलता अर्जित कर ली जिससे उसे अर्जेटीना में 2010 में होने वाले विश्व कप में प्रवेश मिल गया। खिताबी जंग में भारत एक बार फिर चीन से भिड़ेगा।
जसजीत कौर ने भारत के लिए दो गोल किए जबकि रानी रामफल ने एक गोल दागा। कोरिया ने जवाबी हमले में दो गोल करके मैच को एकतरफा होने से तो बचा लिया लेकिन हार नहीं टाल सके। रविवार को फाइनल में भारत का सामना चीन से होगा जिसने जापान को एक गोल से मात दी। इस जीत के साथ ही भारत ने 2010 में अर्जेटीना के रोसारियो में होने वाले 2010 विश्व कप में प्रवेश कर लिया।
टीम इंडिया के लिए पहला गोल आठवें मिनट में जसजीत ने पेनल्टी कार्नर पर किया। जसजीत ने दूसरे हाफ में पेनल्टी कार्नर पर ही गोल दागकर यह बढ़त दुगुनी कर दी। रानी ने 55वें मिनट में तीसरा गोल किया। कोरिया ने दूसरे हाफ में दो गोल करके मैच को उबाऊ नहीं होने दिया। उसने हूटर से पहले पेनाल्टी कार्नर पर दो गोल करके भारतीय खेमे में खलबली मचा दी। इसके बाद हालांकि भारतीय डिफेंडरों ने कोरिया को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। पहले हाफ में भारतीय फारवर्ड पंक्ति ने यदि मौके नहीं गंवाए होते तो जीत का अंतर अधिक होता।