
नई दिल्ली। ओलंपिक में सुशील और विश्व प्रतियोगिता में रमेश के पदक जीतने के बाद अब महिला पहलवानों ने भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने हाथ दिखाने शुरू कर दिए हैं। बबीता और अलका तोमर ने शुक्रवार रात कनाडा के वेंकूवर में चल रही हरगोविंद सिंह अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में देश को दो स्वर्ण पदक दिलाए।
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ [फीला] के तत्वावधान में कनाडा में आयोजित की जा रही तीन दिन की इस प्रतियोगिता में विश्व जूनियर महिला कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीत चुकी बबीता ने फाइनल में अपनी प्रतिद्वंद्वी को आसानी से अंकों के आधार पर हरा दिया जबकि एशियाई महिला कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली अलका तोमर ने भी फाइनल में बिना किसी परेशानी के स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता के मैनेजर राज सिंह ने बताया, 'राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की तैयारी जोरदार तरीके से चल रही है और अब भारत की टीम देश में ही अगले माह दिसंबर में होने वाली राष्ट्रमंडल कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेगी।'
भारत का तेरह पहलवानों सहित [छह महिला पहलवान] बीस सदस्यीय दल कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने गया हुआ है। महिला पहलवानों के मुकाबले कल समाप्त हो गए जबकि पुरुष वर्ग के फ्री स्टाइल के मुकाबले आज शुरू होंगे जिसमें भारत के सात पहलवान भाग ले रहे हैं। भारत की ओर से विनोद [55 किलो] और रजनीश [60 किलो] को पदक का दावेदार माना जा रहा है। राजसिंह ने बताया, 'राष्ट्रमंडल कुश्ती प्रतियोगिता में प्रत्येक देश की दो-दो टीमों को भेजने के लिए कहा गया है। मेजबान भारत की भी प्रत्येक वर्ग के लिए दो-दो टीमों का चयन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के लिए भारत की कुश्ती टीम का चयन अगले सप्ताह किया जाएगा।'