नई दिल्ली। ओलंपिक क्वालीफायर से पहले अपने आखिरी अभ्यास मैच में भारतीय महिला हाकी टीम ने कनाडा को 5-2 से हरा दिया। भारत के लिए जायदीप कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए। उनके अलावा जसजीत कौर हांडा और जसप्रीत कौर ने भी पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, जबकि स्ट्राइकर अनुराधा देवी ने मैदानी गोल दागा।
कनाडा ने हान्ना हान के गोल के जरिए मैच में बढ़त बना ली थी। इसके बाद भारत ने पांच गोल दागे। कनाडा के लिए दूसरा और आखिरी गोल ब्राएनी स्टेयर्स ने किया। भारतीय कोच सीआर कुमार ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि क्वालीफायर में उनकी टीम उन गलतियों को दोहराने से बचेगी, जो अभ्यास मैचों में कीं। अंतरराष्ट्रीय हॉकी के नए नियमों के तहत अभ्यास मैच 70 मिनट का होने पर उसे अंतरराष्ट्रीय मैच गिना जाएगा, लिहाजा अभ्यास मैच 50 मिनट का ही खेला गया। कप्तान असुंता लकड़ा ने कहा कि अभ्यास मैचों से भारतीय टीम को अपनी कमजोरियों का आकलन करने में काफी मदद मिली है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर