बर्लिन। रूस की दिनारा सफीना ने पांचवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की सेरेना विलियम्स का लगातार 17 मैचों में जीत का सिलसिला तोड़ते हुए उन्हें 2-6, 6-1, 7-6 से हराकर जर्मन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
शुक्रवार को दो घंटे दस मिनट तक चले मुकाबले में सफीना हालांकि शुरू में नर्वस दिखीं लेकिन उन्होंने दूसरे सेट में खेल पर पूरी तरह कब्जा करते हुए सेरेना को गलतियां करने पर मजबूर कर दिया और बृहस्पतिवार को शीर्ष वरीयता प्राप्त जस्टिन हेनिन को हराने के बाद दूसरी सबसे बड़ी विजय हासिल की।
उधर टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता प्राप्त एना इवानोविच और हंगरी की दसवीं वरीयता प्राप्त एग्नेस जावे के बीच हो रहा मुकाबला खराब रोशनी की वजह से रोकना पड़ा। जावे ने पहला सेट 6-3 से जीता जबकि दूसरे सेट में इवानोविच ने 6-4 से जीत हासिल की।
सफीना की अगली भिडं़त गैर-वरीयता प्राप्त बुल्गारिया की विक्टोरिया अजारेका से होगी जिन्होंने 15वीं वरीयता प्राप्त यूक्रेन की अलोना बोंदारेको को 7-6, 6-2 से शिकस्त दी थी। इवानोविच और जावे के बीच मुकाबले की विजेता सातवीं वरीयता प्राप्त रूस की एलेना देमेंतिएवा से दो-दो हाथ करेंगी जिन्होंने चौथी वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी जेलेना जांकोविच पर एक बेहद रोमांचक संघर्ष में 6-3, 2-6, 6-3 से विजय हासिल की।