
हैम्बर्ग [जर्मनी]। गत चैंपियन और शीर्ष वरीय रोजर फेडरर 22 लाख 70 हजार यूरो इनामी राशि के हैम्बर्ग मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए है। महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त रूस की मारिया शारापोवा पिंडली में खिंचाव के कारण सेमीफाइनल मुकाबले से हट गई।
स्विट्जरलैंड के फेडरर ने शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में गैर वरीय इटली के एंड्रियस सेप्पी को लगातार सेटों में 6-3, 6-1 से शिकस्त दी। फाइनल में फेडरर का मुकाबला स्पेन के राफेल नडाल और सर्बिया के नोवाक जोकोविच के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। इससे पहले नडाल ने अपने ही देश स्पेन के 11वें वरीय कार्लोस मोया को 6-1, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जोकोविच ने 77 मिनट तक चले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन के एल्बर्ट मोंटानेस को 6-2, 6-3 से हराया।
शारापोवा का मुकाबला सेमीफाइनल में गत चैंपियन सर्बिया की जेलेना जांकोविच से होना था लेकिन रूसी खिलाड़ी के हटने से चौथी वरीयता प्राप्त जांकोविच को वाकओवर मिल गया। हालांकि रूसी खिलाड़ी ने विश्वास जताया कि वह फ्रेंच ओपन के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगी। विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बेल्जियम की जस्टिन हेनिन के गत बुधवार को संन्यास लेने के बाद शारापोवा अगले सप्ताह विश्व की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगी।