न्यूयार्क। नोवाक जोकोविच तथा विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी एंडी रोडिक को अपना-अपना मुकाबला जीतने में कोई दिक्कत नहीं हुई जबकि विश्व की पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी लिंडसे डेवनपोर्ट का अनुभव यूएस ओपन के कडे़ मुकाबले में रूस की एलिजा क्लीबानोवा को हराने में उनके काम आया। दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी सर्बिया की जेलेना जांकोविच को जीत के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी जोकोविच ने दूसरे दौर के मुकाबले में फ्रांस के अर्नाड क्लीमेंट को 6-3, 6-3, 6-4 से हराया जबकि रोडिक ने पहले राउंड में फ्रांस के फैब्राइस सैंतोरो को 6-2, 6-2, 6-2 से करारी शिकस्त दी। आस्ट्रेलियन ओपन विजेता जोकोविच को क्लीमेंट के खिलाफ जीत हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। हालांकि अंतिम सेट के दौरान उन्हें कोहनी में चोट का सामना करना पड़ा मगर सौभाग्य से वह चोट गंभीर नहीं निकली। मैच के दौरान 21 वर्षीय जोकोविच ही पूरी तरह छाए रहे। उन्होंने जबर्दस्त खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया। जीत के बाद जोकोविच ने कहा, 'मेरे अगले मुकाबले में अभी दो दिन बाकी हैं और इस दौरान मेरी कोहनी के पूरी तरह ठीक हो जाने की उम्मीद है। सौभाग्य से चोट उतनी गंभीर नहीं है जितनी मैं सोच रहा था।'
वहीं महिला एकल वर्ग में डेवनपोर्ट ने बुधवार को हुए दूसरे राउंड के मुकाबले में क्लीबानोवा को कड़ी मशक्कत के बाद 7-5, 6-3 से हराने में कामयाबी हासिल की वहीं जांकोविच को भी स्वीडन की सोफिया एरविडसन को 6-3, 6-7, 7-5 से हराने में खासा पसीना बहाना पड़ा।
वर्ष 1998 की यूएस ओपन विजेता डेवनपोर्ट को अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। वह कडे़ मुकाबले में जूझ रही थीं मगर प्रतिद्वंद्वी क्लीबानोवा की गलतियों ने डेवनपोर्ट का काम आसान कर दिया। क्लीबानोवा ने 27 गलतियां की जिसका खामियाजा उन्हें एक शानदार जीत से महरूम होकर भुगतना पड़ा डेवनपोर्ट का अगला मुकाबला फ्रांस की मेरियन बारतोली से होगा। पहले सेट में डेवनपोर्ट 5-4 से आगे थीं मगर रूस की 19 वर्षीय खिलाड़ी क्लीबानोवा ने जबर्दस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए सेट को टाईब्रेक तक पहुंचा दिया हालांकि दूसरे सेट में उन्हें अपनी गलतियों की सजा भुगतनी पड़ी और डेवनपोर्ट ने अपना समूचा अनुभव उड़ेलते हुए यह सेट 6-3 से जीतकर मैच में विजय हासिल कर ली।
जीत के बाद डेवनपोर्ट ने कहा, 'मैं पहले राउंड के मुकाबले में कतई अच्छा नहीं खेल सकी। मैं अपनी लय में नहीं आ पाई मगर कैरियर में कई बार कुछ ऐसे मैचों से गुजरना पड़ता है। मुझे उम्मीद है कि मैं तीसरे राउंड में बेहतर प्रदर्शन कर सकूंगी। उधर, विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी जांकोविच को भी सोफिया को हराने में एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा। उन्होंने पहला सेट तो आसानी से 6-3 से जीत लिया मगर दूसरे सेट में उन्हें सोफिया से तगड़ी टक्कर मिली और टाईब्रेक में वह 6-7 से हार गई। तीसरा सेट तो और भी संघर्षपूर्ण रहा मगर जांकोविच ने अपना क्लास दिखाते हुए उसे 7-5 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
इस बीच, एक उलटफेर के तहत आठवीं वरीयता प्राप्त वेरा ज्वोनारेवा को यूक्रेन की तातियाना पेरेबिनिस के हाथों 3-6, 3-6 से सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में महिला वर्ग के दूसरे राउंड के अन्य मुकाबलों में तीसरी वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुजनेत्सोवा ने रोमानिया की सोराना सिर्स्टी को 7-6, 6-1 से जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त रूस की एलेना देमेंतिएवा ने फ्रंास की पाओलिन परमेंटियर को 6-2, 6-1 से पराजित किया। इसके अलावा स्विट्जरलैंड की पैटी श्नीडर ने रूस की एनास्तासिया पावलिचेनकोवा को 6-3, 6-3 से शिकस्त दी।
पुरुषों के पहले दौर के अन्य मुकाबलों में पांचवीं वरीयता प्राप्त रूस के निकोले देविदेंको ने इजरायल के डूडी सेला को 6-3, 6-3 से हरा दिया जबकि स्पेन के कार्लोस मोया ने पाकिस्तान के ऐसाम कुरैशी को कड़े मुकाबले में 6-4, 6-7, 7-6, 6-2 से शिकस्त दी। साथ ही अर्नेस्ट गुलबिस ने स्वीडन के थामस जोहानसन को 7-5, 6-1, 7-6 से पराजित करके दूसरे राउंड में जगह बना ली।