हांगकांग। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अगले साल हांगकांग में होने वाले विश्व टीम चैलेंज टूर्नामेंट में एशिया पैसिफिक चुनौती की अगुआई करेंगी। सानिया चोट के कारण पिछले कुछ समय से कोर्ट पर नहीं उतर रही है।
सात से 10 जनवरी तक होने वाला टूर्नामेंट आस्ट्रेलियाई ओपन के लिए अभ्यास प्रतियोगिता साबित होगा। इसमें यूरोप, रूस, अमेरिका व एशिया पैसिफिक की चार टीमें शिरकत करेंगी। हांगकांग टेनिस पैटरंस एसोसिएशन के अध्यक्ष इयान वाडे ने कहा, 'प्रत्येक टीम में तीन खिलाड़ी मौजूद होंगे, जो एकल व युगल में खेलेंगे। टीमों के लिए एक सेमीफाइनल ड्रा होगा। प्रत्येक मुकाबला दोनों वर्गो में होगा। जो दो टीमें सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने में सफल रहेंगी, वही फाइनल में पहुंचेंगी।'
विश्व की नंबर वन खिलाड़ी जेलेना जांकोविच टीम यूरोप की, वीनस विलियम्स अमेरिका की तथा मारिया शारापोवा रूस की अगुआई करेंगी। टीम के अन्य सदस्यों की घोषणा बाद में की जाएगी। यह टूर्नामेंट जेबी ग्रुप क्लासिक प्रदर्शन की जगह कराया जाएगा, जो आमतौर पर महिलाओं के लिए जनवरी में मेलबर्न में होने वाले सत्र के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट की तैयारी के लिए कराया जाता है।