मरे का ख्वाब टूटा, फाइनल में भिड़ेंगे फेडरर-रोडिक

 
Jul 03, 11:38 pm

लंदन। रिकार्ड 15वें ग्रैंड स्लैम की तलाश में जुटे दुनिया में दूसरे नंबर के खिलाड़ी रोजर फेडरर ग्रास कोर्ट पर जलवा बरकरार रखते हुए शुक्रवार को विंबल्डन चैंपियनशिप के फाइनल में लगातार सातवीं बार प्रवेश कर लिया। वहीं तीसरी वरीयता प्राप्त एंडी मरे के ख्वाब को धूल में मिलाते हुए अमेरिका के एंडी रोडिक ने फेडरर के साथ खिताबी जंग का टिकट कटा लिया।

पांच बार के विंबल्डन चैंपियन फेडरर ने जर्मनी के टामी हास को सीधे सेटों में 7-6, 7-5, 6-3 से हराया। रिकार्ड 15वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की कवायद में लगे इस स्विस खिलाड़ी ने महान राड लेवर और ब्योर्न बोर्ग की रायल बाक्स में उपस्थिति के बीच जीत दर्ज की। फेडरर लगातार रिकार्ड सातवीं बार और कुल 20वें ग्रैंडस्लैम फाइनल में पहुंचे हैं।

स्विट्जरलैंड के फेडरर ने 31 वर्षीय जर्मन खिलाड़ी के खिलाफ सर्विस का बेहतरीन खेल दिखाया और एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं दिया। पहले सेट में सर्विस का दबदबा रहा, लेकिन फेडरर टाइब्रेकर में मजबूत साबित हुए। उनके पास तीन सेट प्वाइंट थे जब हास ने बैकहैंड नेट पर मार दिया। फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पहले दो सेट गंवाने के बाद वापसी करने वाले फेडरर के लिए यह स्वप्निल शुरुआत थी।

पहला विंबल्डन सेमीफाइनल खेल रहे विश्व के पूर्व नंबर दो खिलाड़ी हास ने दूसरे सेट में 4-5 के स्कोर पर एक सेट प्वाइंट बचाया। मगर 12वें गेम में हास का फोरहैंड जब बाहर चला गया तो स्विस खिलाड़ी ने दो सेट की बढ़त हासिल कर ली। हास ने इसके बाद तीसरे सेट के आठवें गेम में चार ब्रेक प्वाइंट बचाए, लेकिन फेडरर दो घंटे में मैच अपने नाम करने में सफल रहे।

बहुप्रतिक्षित एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में पूर्व नंबर एक रोडिक ने आज यहां न सिर्फ मरे का दिल तोड़ा बल्कि ब्रिटेन के खेल प्रेमियों का दिल तोड़ दिया। मेजबान मरे से इस बार फाइनल में पहुंचने की आस लगा रखी थी लेकिन जोरदार चले मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त रोडिक ने मरे को 6-4, 4-6, 7-6, 7-6 से हरा दिया। रोडिक तीसरी बार विंबल्डन के फाइनल में पहुंचे हैं। इससे पूर्व रोडिक वर्ष 2002 और 2003 में भी फाइनल में पहुंच चुके हैं। फाइनल में रोडिक का सामना फेडरर से होगा।

वहीं विंबल्डन में एकल मुकाबले के बाद महिला युगल में भी विलियम्स बहनों का जलवा कायम है। वीनस और सेरेना ने सेमीफाइनल में जिंबाब्वे की कारा ब्लैक और अमेरिका लिजल ह्यूबर को सीधे सेटो में 6-1, 6-2 से हरा दिया। फाइनल में अमेरिकन जोड़ी का सामना आस्ट्रेलियाई जोड़ी सांमथा स्टोसर और रिनाने स्टेब्स से होगा जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में स्पेन की जोड़ी अनाबेल मेडिना गैरीक्विस और वर्जिनिया रूनाओ पास्कल को तीन सेट तक खींचे मुकाबले में 6-7, 6-4, 6-2 से शिकस्त दी।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित