
लंदन। शीर्ष वरीयता प्राप्त लिएंडर पेस और कारा ब्लैक की मिश्रित जोड़ी शुक्रवार को विंबल्डन चैंपियनशिप के खिताबी जंग में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में एकतरफा मुकाबले में आस्ट्रेलिया के स्टीफन हास और स्पेन की वर्जिनिया रुआनो पास्कल की जोड़ी को सीधे सेटों में हराया।
अमेरिकी ओपन चैंपियन पेस और ब्लैक ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मैच पर शुरू से पकड़ बनाए रखी और कभी भी उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। भारत और जिंबाब्वे की जोड़ी ने यह मुकाबला 71 मिनट में 6-4, 6-4 से जीता। पहले सेट में पेस और ब्लैक की जोड़ी ने एक बार सर्विस गंवाई लेकिन दो बार ब्रेक प्वाइंट लेकर 35 मिनट में इसे अपने नाम किया। दूसरे सेट में इन दोनों एक ब्रेक प्वाइंट लिया जबकि अपनी प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को ऐसा कोई मौका नहीं दिया। यह शीर्ष वरीय जोड़ी फाइनल में ब्रिटेन के जेमी मरे और अमेरिका की लिजेल ह्यूंबर तथा बहामास के मार्क नोल्स और जर्मनी की अना लेना ग्रोएनफील्ड के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगी। फ्रेंच ओपन में लुकास डलोही के साथ पुरुष डबल्स का खिताब जीतने वाले पेस ने अब तक पांच डबल्स और चार मिक्सड डबल्स ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं।
इससे पूर्व पेस और ब्लैक ने भारतीय जोड़ी महेश भूपति और सानिया मिर्जा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाया था। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 11वीं वरीयता प्राप्त आंद्रे सा और आई सुगियामा की जोड़ी को 6-3, 6-3 से हराया था। वहीं वरिष्ठ खिलाडि़यों की आमंत्रण युगल मुकाबले में विजय अमृतराज और जान फ्टिजेरालड की भारत-आस्ट्रेलियाई जोड़ी को अमेरिका और दक्षिण अफ्रीकी जोड़ी केन फ्लेच और डेनी विस्सर ने 4-6, 6-3, 6-10 से हराया।