अगासी ने ड्रग्स सेवन की बात कबूली

 
Oct 28, 04:31 pm

न्यूयार्क। आंद्रे अगासी ने अपनी आत्मकथा में खुलासा किया है कि उन्होंने 1997 में प्रतिबंधित दवा का सेवन किया था और डोप टेस्ट में नाकाम रहने के बाद टेनिस अधिकारियों से झूठ बोला था जिसकी वजह से मामला रफा दफा हो गया था।

आत्मकथा के अंशों के अनुसार आठ बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन ने लिखा, 'मैंने डोप टेस्ट में पाजीटिव पाए जाने पर एटीपी टूर को पत्र लिखा था जिसमें मैंने कहा कि मैंने गलती से क्रिस्टल मेथ मिले सोड़ा का सेवन कर लिया था।' मैंने कहा, 'मैं शर्मिदा हूं। मैंने खुद से वायदा किया था कि इस झूठ के साथ ही प्रकरण खत्म हो जाएगा। एटीपी ने मामले की जांच की और मामला रफा दफा हो गया।' एटीपी ने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अगासी ने 2006 में टेनिस से संन्यास ले लिया था। नौ नवंबर को आने वाली उनकी आत्मकथा के अंश इस सप्ताह लंदन के अखबार, स्पो‌र्ट्स इलस्ट्रेटेड और पीपुल मैगजीन में प्रकाशित हुए हैं।

पीपुल मैगजीन की वेबसाइट में अगासी ने कहा, 'मैं यह नहीं कहता कि मुझे लत थी। लेकिन कई लोग कहेंगे कि यदि आप किसी चीज से बचने के लिए कुछ इस्तेमाल में ला रहे हो तो कोई गड़बड़ जरूर है।' टाइम्स ऑफ लंदन की वेबसाइट में अगासी ने लिखा, 'मेरे सहयोगी 'स्लिम' ने मुझे काफी टेबल पर चूर्ण जैसी चीज क्रिस्टल मेथ से रूबरू कराया।' उन्होंने लिखा, 'मैंने उसे सूंघा और सोफे पर बैठ गया। मुझे बाद में काफी अफसोस हुआ। मैं दुखी था। इसके बाद अचानक काफी रोमांच महसूस होने लगा और मेरे दिमाग से सारी नकारात्मक बातें चली गई। मुझे इतना जीवंत अहसास कभी नहीं हुआ था। मैंने इतनी ऊर्जा कभी महसूस नहीं की थी।'

अगासी ने कहा, 'मैं घर जाकर रोता रहा। खुद को ऊपर से नीचे तक साफ करता रहा। मैंने फर्नीचर भी साफ किया।' टेनिस के इतिहास में सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शुमार अगासी अपनी फैशनपरस्ती और महिलाओं के साथ संबंधों को लेकर भी सुर्खियों में रहे। मशहूर हालीवुड अभिनेत्री ब्रूक शील्ड से उनका विवाह और तलाक भी चर्चा का सबब था। अगासी ने 1992 में पहला विंबल्डन खिताब जीता और 1996 अटलांटा ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता बने। अगासी 1997 में रैंकिंग में 141वें स्थान पर खिसक गए और मामूली टूर्नामेंटों में टेनिस खेलने लगे। उन्होंने 1998 में वापसी की और एटीपी रैंकिंग में रिकार्ड छलांग लगाते हुए शीर्ष 10 में पहुंचे। अगले सत्र में उन्होंने फ्रेंच ओपन जीतकर करियर ग्रैंडस्लैम पूरा किया। फिर दूसरा अमेरिकी ओपन जीतकर 1999 में शिखर पर पहुंचे।

रविवार को मकाऊ में पीट सम्प्रास के खिलाफ नुमाइशी मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी आत्मकथा में बड़े खुलासे हैं तो अगासी ने कहा, 'मुझे खुद को समझने में पूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। कई चीजों पर मैं खुद हैरान हूं लिहाजा आत्मकथा में कई बातें हैरानीभरी होंगी।' उन्होंने कहा, 'इसे पढ़कर लोग मेरे बारे में ज्यादा जान सकेंगे। मैं किन हालात से गुजरा हूं और मैंने जो सबक लिए हैं, उनसे दूसरों को भी सबक मिलेगा।' अगासी ने पीपुल मैगजीन की वेबसाइट पर लिखा, 'एक पल के लिए मैं चिंतित था कि मेरे ड्रग्स के सेवन की बात सुनकर प्रशंसक कैसी प्रतिक्रिया व्यक्त करेंगे।' उन्होंने कहा, 'मैं काफी चिंतित था और यह जज्बात मेरे चेहरे पर जाहिर हो जाते थे। लेकिन मुझे रोमांच भी महसूस हो रहा है कि अब दुनिया मेरी कहानी पढ़ेगी।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित