
वाशिंगटन। ड्रग्स के सेवन की बात कबूलकर सनसनी फैलाने वाले आंद्रे अगासी ने अपनी आत्मकथा में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है कि उनके पिता की भारी अपेक्षाओं और लोभी प्रवृत्ति के कारण उन्हें टेनिस से नफरत हो गई थी।
टेनिस कोर्ट के बिगड़ैल शहजादे से गरिमामय धुरंधर बनने तक अगासी के जीवन के विभिन्न अनछुए पहलुओं पर इस किताब 'ओपन एन आटोबायोग्राफी' में रोशनी डाली गई है। इसके अंश टाइम्स ऑफ लंदन और स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड में प्रकाशित हुए जिसमें उन्होंने स्वीकार किया है कि 1997 में उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया था। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अपने पिता की हरकतों के कारण उन्हें टेनिस से नफरत हो गई थी। अगासी ने अपने पिता को 'हिंसक' बताते हुए उस वाक्य का जिक्र किया है जब कार में उनके पिता ने एक ड्राइवर पर बंदूक तान दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि बचपन से ही टेनिस कोर्ट पर लोगों को हराकर वह पिता के लिए पैसा कमाते थे। उन्होंने बताया कि नौ साल की उम्र में उन्होंने एनएफएल धुरंधर जिम ब्राउन को एक मैच में हराया ताकि उनके पिता 500 डालर की शर्त जीत सके।
अगासी ने लिखा कि 1992 विंबल्डन जीतने के बाद जब उन्होंने अपने पिता को फोन किया तो उनकी पहली प्रतिक्रिया थी, 'तुम चौथा सेट क्यों हारे।' अगासी ने अपनी आत्मकथा में यह भी खुलासा किया है कि उसने 1997 में ड्रग्स का सेवन किया था और ड्रग टेस्ट में नाकाम रहने के बाद टेनिस अधिकारियों से यह झूठ बोला था कि उसने 'अनजाने में' ड्रग ली थी जिसकी वजह से मामला रफा दफा हो गया था। अमेरिकी फेडरेशन कप टीम की कप्तान और अगासी की समकालीन मेरी जो फर्नाडिस ने इस खुलासे को निराशाजनक और स्तब्ध करने वाला बताया है। उन्होंने कहा, 'ऐसा सच कहने के लिए बहुत साहस चाहिए जो उसके नहीं कहने पर कभी किसी को पता नहीं चल सकता था। मैं हमेशा से आंद्रे की मुरीद रही हूं। वह अपने जीवन के अनछुए पहलुओं का खुलासा कर रहा है। शायद लोग इससे सबक लें और यह गलतियां ना दोहराएं।'
अगासी ने 1986 में पेशेवर टेनिस खेलना शुरू किया और 1990 में फ्रेंच ओपन फाइनल में पहुंचे। उनकी सर्विस रिटर्न, बेसलाइन पर रिफ्लैक्सेस, डेनिम के शार्ट, नियोन की शर्ट, चेहरे पर लहराते बाल और कान की बालियों ने दुनिया भर के टेनिसप्रेमियों का ध्यान खींचा। अभिनेत्री ब्रूक शील्ड्स से उनका विवाह, तलाक और बारबरा स्ट्रेइसैंड से दोस्ती कई टेब्लायड की सुर्खियों में रही। अगासी ने महान टेनिस खिलाड़ी स्टेफी ग्राफ से शादी की और उनके दो बच्चे भी हैं। अगासी ने अपनी किताब में स्टेफी को 'स्टेफानी' कहा है। बताया जाता है कि अगासी को आत्मकथा के लिए 50 लाख डालर मिले हैं। पहले अंक में पांच लाख प्रतियों का प्रकाशन हो रहा है।
सात बार की ग्रैंडस्लैम एकल चैंपियन वीनस विलियम्स ने कहा, 'यह किताब बिकेगी। यह काफी दिलचस्प है।' अगासी को आइकन बताते हुए आईओसी अध्यक्ष जाक रोगे ने कहा, 'यदि उनकी किताब से युवाओं में यह संदेश जाता है कि इन गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए तो यह काफी उपयोगी है।' एटीपी ने कल डोपिंग के मामले में अपने आम नियमों के बारे में एक बयान जारी किया था लेकिन अगासी के मामले पर प्रतिक्रिया के आग्रह को खारिज कर दिया।