
बासेल [स्विट्जरलैंड]। दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने छह हफ्ते बाद कोर्ट पर वापसी करते हुए बेल्जियम के क्वालीफायर ओलिवर रोचस के खिलाफ सीधे सेटों में 6-3, 6-4 की आसान जीत के साथ स्विस इंडोर के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
लगातार चौथे स्विस इंडोर खिताब के लिए दावेदारी पेश कर रहे फेडरर ने पहले दौर के मुकाबले में रोचस को सिर्फ 66 मिनट में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया जहां उनका मुकाबला इटली के आंद्रियास सेपी से होगा। फेडरर ने रोचस के खिलाफ अपने सभी छह मुकाबले जीते हैं। सेपी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में स्विट्जरलैंड के ही स्टीफन बोहली को 4-6, 6-1, 7-5 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। इससे पूर्व दिन के पहले मुकाबले में फ्रांस के फ्लोरेंट सेना ने क्रोएशिया के इवो कार्लोविच के 28 ऐस से उबरते हुए 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की।