
नई दिल्ली। भारत की कोरिया के चुनचियोन में चल रहे टेनिस टूर्नामेंट में खिताब जीतने की उम्मीदें शुक्रवार को प्रकाश अमृतराज के एकल और पुरव राजा के युगल में पराजित होने के साथ ही समाप्त हो गई।
गैर-वरीयता प्राप्त प्रकाश को इस एक लाख डालर इनामी एटीपी हार्डकोर्ट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में हालैंड के इगोई सिजलिंग के हाथों सीधे सेटों में 6-7, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। प्रकाश को 18 रैंकिंग अंक और 2920 डालर की पुरस्कार मिली। पुरव और आस्ट्रेलिया के सादिक कादिर की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी एक सेट की बढ़त का फायदा उठाने में नाकाम रही तथा लाटविया के एंडिस जुस्का और रूस के दिमित्री सिताक से 6-3, 3-6, 12-14 से हार गई। इन दोनों को 35 अंक और इनामी राशि के तौर पर 2160 डालर मिले।