
वर्ष 2000 की 27वें ओलंपिक खेलों की मेजबानी सिडनी के हाथों बेहद मामूली अंतर से गंवाने के बाद बीजिंग इस बार 29वें ओलंपिक की शानदार मेजबानी की तैयारी में पूरी तरह से जुटा हुआ है। टोरंटो, पेरिस, इस्तांबुल और ओसाका से कड़े मुकाबले में 13 जुलाई 2001 को मेजबानी मिलने के बाद बीजिंग अपनी तैयारियों में लग गया। अब तक के सबसे महंगे खेल आयोजन में 20 बिलियन डालर से अधिक खर्च होने की संभावना है।
बीजिंग के 31 मैदानों में मुकाबले कराए जाएंगे। इसमें 12 नए स्टेडियम बनाए गए हैं जबकि 11 मैदानों का विस्तारीकरण किया गया है। इसके अलावा आठ अस्थायी आयोजन स्थल भी तैयार किए गए हैं। बीजिंग के अलावा छह और शहर [क्यूदिंगताओ, हांगकांग, तियानजिन, शंघाई, शेनयांग, किहुआंगदाओ] हैं जहां ओलंपिक की स्पर्धाएं कराई जाएंगी। 29वें ओलंपिक खेलों के लिए बीजिंग आयोजन समिति [बीओसीओजी] का गठन 13 दिसंबर 2001 को किया गया। बीओसीओजी दुनिया के इस सबसे प्रतिष्ठित खेल के भव्य आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। 'वन वर्ल्ड, वन थीम' के नारे के साथ इस ओलंपिक गेम्स में लगभग साढ़े दस हजार खिलाड़ी 28 खेलों के 302 स्पर्धाओं में अपना भाग्य आजमाएंगे। बीजिंग ओलंपिक की विधिवत शुरुआत 8-8-2008 को 8.08 बजे की जाएगी। यहां का तापमान अगस्त महीने में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है।
दुनिया के प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक चीन का इतिहास जानने के शौकीन लोगों के लिए यहां पर कई म्यूजियम हैं जो प्राचीन और आधुनिक चीन से रूबरू कराएगा। बीजिंग के केंद्र में स्थित पैलेस म्यूजियम चीन का सबसे बड़ा म्यूजियम है। इसके अलावा नेशनल म्यूजियम ऑफ चाइना है जिसमें 17 लाख सालों का इतिहास सिमटा हुआ है। सबसे अनोखे म्यूजियमों में से एक चाइना स्पोर्ट्स म्यूजियम है जो मेहमानों को चीन में खेल के विकास को विस्तार से बताएगा। ग्रेट वाल म्यूजियम बीजिंग के प्रसिद्ध म्यूजियमों में से एक है। अन्य म्यूजियमों में बीजिंग मेन साइट म्यूजियम, बीजिंग थिएटर म्यूजियम, रेड गेट गैलरी, म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री, म्यूजियम ऑफ चाइनीज हिस्ट्री, वान फंग आर्ट गैलरी, द कैपिटल म्यूजियम, मियून म्यूजियम और जिओलाजिकल म्यूजियम ऑफ चाइना प्रमुख हैं।