(लिएंडर पेस की कलम से)
पेशेवर टेनिस और ओलंपिक के बीच मूलभूत अंतर यह है कि खेल महाकुंभ में भारतीय खिलाडि़यों पर एक अरब दस करोड़ लोगों की उम्मीदों का दबाव आ जाता है। जब कोई खिलाड़ी टूर मैच खेलता है चाहे वह ग्रैंड स्लैम का ही मैच क्यों न हो तो वह वस्तुत: अपने लिए खेलता है। निश्चित ही भारतीय खेल प्रेमी भी हमारी जीत को लेकर बहुत खुश होते हैं मगर जब बात देश का प्रतिनिधित्व करने की होती है तब सभी देशवासी इस जीत का हिस्सा हो जाते हैं।
लिएंडर पेस की जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण किसी भारतीय की जीत है। पेशेवर टेनिस में कोई भी खिलाड़ी जरा सी चोट लगने पर मुकाबले से हट जाता है। वह अपने उस कैरियर को दांव पर नहीं लगाना चाहते जिसके लिए उसने बरसों कड़ी मेहनत की है,लेकिन जब देश के लिए खेलने की होती है तो कोई भी खिलाड़ी दर्द निवारक इंजेक्शन लेकर भी कोर्ट पर उतरने को बेताब होता है। देश की बात आए तो व्यक्तिगत मतभेदों के कोई मायने नहीं हैं।
आप मुझे और महेश भूपति को देखिए जब देश की बात होती है तो हम एक साथ खेलते हैं। जब ओलंपिक पदक दांव पर हो तो व्यक्तिगत अहम या अन्य मुद्दे बहुत पीछे छूट जाते हैं। ओलंपिक ऐसी प्रतियोगिता है जो खिलाड़ी को अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है। मिसाल के तौर पर अमेरिकी तैराक माइकल फेल्प्स को लीजिए जिन्होंने पदकों की कतार लगा दी है। बीजिंग के टेनिस सेंटर की बात करूं तो यहां धीमे और तेज दोनों तरह के कोर्ट हैं। अभी तक हम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। यहां एक चिंता की बात यह है कि सिंगल्स रैंकिंग के हिसाब से खिलाडि़यों को वरीयता दी गई है। मुझे और महेश भूपति को यही साबित करना है कि टूर की हमारी कम रैंकिंग सिंगल्स के प्रतिद्वंद्वियों को फायदा नहीं पहुंचाएगी। डबल्स स्पर्धा अलग तरह की होती है। मेरे लिए ओलंपिक की बड़ी अहमियत है।
मैं अटलांटा ओलंपिक में जीते अपने कांस्य पदक को किसी भी अन्य जीत से बड़ा मानता हूं। अभिनव बिंद्रा की ऐतिहासिक स्वर्णिम जीत ने मुझे और महेश को स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रेरित किया है। फिलहाल तो हम सिर्फ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का वायदा कर सकते हैं।
लेख को दर्जा दें
दर्जा दें(3) वोट का औसत
Saving...
|
| निजता नीति | | | सेवा की शर्तें | | | आपके सुझाव |
| इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है |
| कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित |
| कॉपीराइट / IP नीति |