स्वस्थ त्वचा और सुंदर बाल

      
स्वस्थ त्वचा और सुंदर बाल

त्वचा चाहे जैसी हो उसकी उचित देखभाल जरूरी होती है। त्वचा मुख्यतया पांच प्रकार की होती है- सामान्य, रूखी, तैलीय, मिश्रित और संवेदनशील त्वचा। त्वचा की देखभाल त्वचा इसके प्रकार पर ही निर्भर करती है। जानिए कि आप अपनी त्वचा की किस्म के अनुरूप उसको कैसे स्वस्थ और आकर्षक बनाए रखें।

सामान्य त्वचा

अगर आपकी त्वचा सामान्य है तो आप बहुत भाग्यशाली हैं, क्योंकि ऐसी त्वचा कम ही पाई जाती है। ऐसी त्वचा पर आकर्षण, ताजगी और लालिमा होती है। उसमें ब्लैकहेड्स या खुले रोम छिद्र नहीं पाए जाते। यह साफ-सुथरे बंद रोमछिद्र वाली होती है। यह त्वचा न तो ज्यादा तैलीय होती है और न ही रूखी। न ही इस पर तेल जैसा कुछ चमकता है।

सखी की सलाह

1. दो स्ट्रॉबेरी का गूदा निकालकर अच्छी तरह से मैश कर लें। फिर एक पका केला छील कर मैश कर लें। दोनों को एक साथ मिलाकर चेहरे पर लगाएं। दस मिनट बाद चेहरे को गीला करके हलके हाथों से मलें फिर धीरे-धीरे धोएं।

2. अधिक पके हुए पपीते का दो टेबल स्पून मैश किया हुआ गूदा लें। उसमें छिला व मसला हुआ आधा सेब और थोडा आमंड ऑयल मिलाएं। चेहरे पर लगाएं और दस मिनट के लिए छोड दें। हलके गुनगुने पानी से चेहरा साफ करें।

तैलीय त्वचा

तैलीय त्वचा चिकनी और चमकदार लगती है। इस पर मुंहासे और ब्लैक हेड्स जल्दी निकलते हैं। ऐसी त्वचा पर खुले और बडे रोमछिद्र आसानी से नजर आ जाते हैं। ऐसी त्वचा पर मेकअप अधिक देर तक नहीं टिकता।

सखी की सलाह

अपने चेहरे व गर्दन को दिन में तीन बार साफ करें। सिबेसिअस ग्लैंड से निकलने वाले तेल को नियंत्रित करने के लिए चेहरे को दिन में तीन बार साफ करें। नाक, गाल व माथे पर विशेष ध्यान दें क्योंकि इन जगहों पर चिकनापन ज्यादा नजर आता है।

3. एक टेबल स्पून मुलतानी मिट्टी, एक टेबल स्पून ओटमील व आधा टी स्पून आमंड पेस्ट मिला कर पेस्ट बना लें। यह तैलीय त्वचा को साफ करने के लिए बेहतरीन क्लींजर है।

4. एक अंडे की सफेदी को फेंट कर आंखों का हिस्सा छोडकर चेहरे पर लगाएं। दस मिनट बाद चेहरा ठंडे पानी से धो लें। यह मास्क त्वचा में खिंचाव लाता है और त्वचा के खुले छिद्रों को बंद करता है।

5. दोटेबल स्पून दही में एक टेबल स्पून ओटमील, हलकी फेंटी हुई एक अंडे की सफेदी और एक टी स्पून नीबू का रस मिलाकर चेहरे पर लगाएं। दस मिनट बाद पानी से अच्छी तरह धो लें। यह अतिरिक्त तेल को कम करता है। दाग-धब्बों को दूर करता है और पीएच लेवल को पुन: संतुलित करता है।

रूखी त्वचा

रूखी त्वचा पर खिंचाव महसूस होता है। यह त्वचा पतली होती है, जिसके छिद्र हलके नजर आते हैं। इस त्वचा में जलन, खुजलाहट और पपडियां उतरने की आशंका ज्यादा रहती है। मौसम का प्रभाव भी सबसे पहले इसी त्वचा पर पडता है। ऐसी त्वचा की उचित देखभाल न की जाए तो झुर्रियां जल्दी ही नजर आने लगती हैं।

सखी की सलाह

ऐसी त्वचा को हाइड्रेशन और सुरक्षा प्रदान करने के लिए एवोकाडो को मसल कर उसमें एक चम्मच शहद और एक चम्मच फेंटी हुई क्रीम मिलाएं या घर पर बना दही मिलाएं। पैक को चेहरे और गर्दन पर लगाकर दस मिनट के लिए छोड दें, फिर ताजे पानी से चेहरा साफ कर लें।

6. एवोकाडो में त्वचा को पोषण प्रदान करने के लिए जरूरी वसा, विटमिन ए, बी, डी और थोडा विटामिन ई होता है। अगर आप इस मास्क में शहद मिलाती हैं तो यह त्वचा की नमी को बरकरार रखने का काम करता है।

7. दो टेबल स्पून दूध और आधा टेबल स्पून शहद में एक अंडे की जर्दी मिलाएं। इसे आंखों का हिस्सा छोडकर चेहरे पर लगाएं। पंद्रह मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा साफ कर लें। इसके अलावा अपने आहार में अंडा, सेब, क्रीम, खीरा, दूध और शहद शामिल करें।

8. दो टेबल स्पून आडू को मसल कर उसमें दो टी स्पून शहद और एक टी स्पून आमंड ऑयल अच्छी तरह से मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर दस-पंद्रह मिनट के लिए छोड दें। फिर गुनगुने पानी से चेहरा साफ कर लें। आडू में विटमिन ए प्रचुर मात्रा में होता है, जो रूखी त्वचा को पोषण प्रदान करने के साथ-साथ कोमल और आकर्षक बनाता है।

9. एक पका केला छीलकर मसल लें। फिर चेहरे पर लगाकर दस मिनट के लिए छोड दें। चेहरा धोने से पहले ठंडा पानी हाथ में लेकर चेहरे को हलके हाथों से मलें फिर धीरे-धीरे धोएं।

केले में अमीनो एसिड, विटमिन और मिनरल जैसे- आयरन, मैग्नीशियम होता है, जो त्वचा को पोषण देने के साथ-साथ उसे कोमल बनाते हैं।

स्वस्थ और सुंदर बालों के लिए

बारिश के दिनों में अत्यधिक नमी के कारण बालों का स्वास्थ्य सबसे अधिक प्रभावित होता है। खास तौर पर इस मौसम में तैलीय बाल वालों को काफी दिक्कतें होती हैं। पसीने के कारण धूल-मिट्टी प्रदूषण सिर की त्वचा पर जम जाते हैं। इससे उनका स्टाइल भी प्रभावित होता है। ऐसे बाल शैंपू के बाद चिपचिपे, चिपके हुए और बेजान से नजर आते हैं। ऐसे मौसम में बाल रफ हो जाते हैं और उन्हें अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता होती है। आप उनकी देखभाल कैसे करें बता रही हैं, सौंदर्य विशेषज्ञा शहनाज हुसैन।

तैलीय बाल

ऐसे बालों को रोज धोना जरूरी है। इसके लिए माइल्ड हर्बल शैंपू का प्रयोग करें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि सिर की त्वचा पर जरा भी शैंपू न रह जाए। शॉर्ट और लेयर्ड हेयर स्टाइल वालों के लिए रोज शैंपू इसलिए जरूरी है ताकि बाल घने नजर आएं और उनका स्टाइल भी बरकरार रहे।

बेजान बाल

स्विमिंग पूल का क्लोरीन युक्त पानी या समुद्र का नमकीन पानी बालों को रूखा और बेजान बना देता है। इसलिए स्विमिंग से पहले और तुरंत बाद में बालों को भिगो लेने से उन्हें हानि नहीं पहुंचती है। बेहतर होगा कि स्विमिंग करने के बाद बालों को धो लें। बालों में चमक लाने के लिए हफ्ते में एक बार गुडहल के फूल की पत्तियों को पीस कर लगाएं। फिर धो लें। या फिर शैंपू करने के बाद एक मग पानी में थोडा सा सिरका या बियर डालकर उससे बाल धोएं।

रूखे बाल

अगर आपके बाल अत्यधिक रूखे हैं तो रिच कंडीशनर के प्रयोग से बचें। इसके बजाय हर्बल हेयर रिंस का प्रयोग करें। चाय की पत्ती के पानी या नीबू पानी से धोना बेहतर होता है। चाय की पत्ती को पर्याप्त पानी में अच्छी तरह उबाल कर छान लें। ठंडा करके शैंपू करने के बाद बालों को उस पानी से धोएं। आप चाहें तो चाय की पत्ती केपानी में कुछ बूंद नीबू का रस भी मिला सकती हैं।

10. इसके अलावा शैंपू करने से पहले बालों व सिर की त्वचा पर अंडे की सफेदी लगाकर आधे घंटे के लिए छोड दें। यह बालों को बॉडी देने का काम करेगा। यह एक बेहतरीन क्लींजर भी है और अतिरिक्त तैलीयता को भी कम करता है।

हिना भी एक अच्छा कंडीशनर होता है। यह हर प्रकार के बालों के लिए अच्छा होता है। मेहंदी में चार चम्मच नीबू का रस और कॉफी, दो अंडे और पर्याप्त चाय का पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं और इस हफ्ते में एक बार बालों में लगाएं। अगर आप अंडा नहीं मिलाना चाहती हैं तो उसकी जगह चाय की पत्ती का पानी पर्याप्त है।

सामान्य बाल

एक-दो दिन में बालों को एक्स्ट्रा प्रोटीन एंड केयर शैंपू से धोएं। ऐसा हेयर स्टाइल रखें जिसमें बाल चेहरे पर अधिक न गिरें। पीछे की तरफ बालों को हलका सा पिनअप जरूर करें। ताकि गर्दन पर बालों का गुच्छा न जमा हो। इससे पसीना अधिक निकलने से बाल चिपचिपे, फ्लैट और बेजान हो जाते हैं। पर्याप्त पानी, जूस और तरल पदार्थ लेना भी न भूलें।

इला श्रीवास्तव
 
ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(71) वोट का औसत

average:4.366188
Saving...
 

अन्य
कैसे रखें सुरक्षित मेकअप प्रोडक्ट
..गर चाहती हैं युवा दिखना
बाल बनें रेशम-रेशम
सौन्दर्य समस्याएं