हलचलें

      
हलचलें

बिग बी ने याद कराई एंग्री यंगमैन की छवि

ऑस्ट्रेलिया में बसे भारतीयों के लिए बीता दौर कितना खौफनाक रहा, यह तो आप जानते ही हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि भारत सरकार ने अपने लोगों की सुरक्षा के लिए ऑस्ट्रेलियाई प्रशासन से बार-बार गुहार लगाई। यह अलग बात है कि विदेशों के मामले में अकसर कोई सख्त कदम उठाने से बचने वाली भारत सरकार की बात का कुछ खास असर होता दिखा नहीं। असर तो शायद उस बात का भी बहुत ज्यादा नहीं रहा, जिसका हम यहां जिक्र करने जा रहे हैं, पर इतना जरूर है कि इस कदम ने कलाकारों- बुद्धिजीवियों को बहुत कुछ सोचने को विवश किया है।

जी हां, हम इस सिलसिले में अमिताभ बच्चन के कदम का ही जिक्र कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमले के विरोध में उन्होंने वहां के विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली डॉक्टरेट की मानद उपाधि ठुकरा कर दो दशक पुरानी अपनी एंग्री यंग मैन छवि की याद ताजा करा दी है। यह सम्मान उन्हें ब्रिसबेन की द क्वींसलैंड यूनवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी की ओर से दिया जा रहा था।

एलिस मुनरो को मैन बुकर

इस साल का अत्यंत प्रतिष्ठापूर्ण मैन बुकर अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार कनाडाई लेखिका एलिस मुनरो ने जीता है। एलिस मुख्यत: लघुकथा विधा में नए प्रयोगों के लिए जानी जाती हैं।

हर दो साल में दिए जाने वाले इस पुरस्कार के तहत विजेता को 60 हजार पाउंड (करीब 46 लाख रुपये) दिए जाते हैं।

यह पुरस्कार किसी जीवित साहित्यकार को साहित्य में उसके योगदान के लिए दिया जाता है और इसके तहत उसकी रचनात्मकता को विश्वस्तर पर प्रचारित भी किया जाता है। मालूम हो कि इस दौड में वी.एस. नायपॉल और महाश्वेता देवी भी शामिल थे।

सानिया की सगाई

अपने उम्दा खेल के अलावा कभी स्कर्ट तो कभी फिटनेस समस्या के चलते प्राय: चर्चा में रही टेनिस स्टार सानिया मिर्जा इन दिनों एक दूसरी वजह से चर्चा में बनी हुई हैं। यह वजह है उनकी सगाई। सानिया की सगाई अपने बचपन के दोस्त और हैदराबाद के उद्यमी सोहराब मिर्जा के साथ हुई है। बहरहाल, उनकी शादी की तारीख अभी पक्की नहीं हुई है और न टेनिस से उनके संन्यास लेने की कोई आशंका ही है।

हमारे पास अवॉक्स है!

भारतीय सेना के दो अंगों- थल और वायुसेना - के लिए बीता दौर उपलब्धियों भरा रहा। थलसेना को नया मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन हासिल हुआ तो वायुसेना टोही विमान अवॉक्स मिल गया। अत्यधिक संहारक क्षमता वाले टैंक अर्जुन को देश में ही बनाया गया है। इसे कई तरह के परीक्षणों से गुजरने के बाद थलसेना में शामिल किया गया है। उधर रूस और इस्राइल के साथ त्रिपक्षीय समझौते के तहत हासिल अवॉक्स विमान ने भारतीय वायुसेना की क्षमता बहुत ज्यादा बढा दी है। गौरतलब है कि अभी भी विश्व के कुछ चुनिंदा देशों के पास ही अवॉक्स विमान उपलब्ध हैं। ध्यान रहे, यह आंख की तरह दुश्मन की सभी सैन्य गतिविधियों की जानकारी निरंतर देने की क्षमता रखता है। इस तरह प्रबल संहारक क्षमता वाला यह विमान इलेक्ट्रॉनिक और सिग्नल गुप्तचर की भूमिका भी निभा सकता है। टूट भी सकती थी मिशेल-ओबामा की जोडी आपको यह जानकर हैरत हो सकती है, पर बात है सच। अब न सिर्फ सफलता, बल्कि अपनी रोमानियत के लिए भी दुनिया भर में जाने जा रहे बराक ओबामा और मिशेल की शादी एक समय टूटने के कगार पर पहुंच गई थी। यह दावा किया गया है अभी हाल में आई एक किताब रेनीगेड में। बर्मिघम में जन्मे लेखक रिचर्ड वॉल्फी ने इस किताब में उस दौर का जिक्र किया है जब ओबामा के अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड शामिल होने की दूर-दूर तक कोई संभावना भी नहीं थी। इसमें दावा किया गया है कि सन 2000 में परिवार की खराब माली हालत और ओबामा की राजनीति में लगातार सक्रियता के कारण उनकी शादी टूटने के कगार पर थी। तब मिशेल व ओबामा के बीच बातचीत कम होती थी और रोमांस भी काफी कम था। मिशेल करियर के प्रति अपने पति की दीवानगी से बहुत नाराज रहती थीं और बराक को भी ऐसा लगता था कि मिशेल अहसानफरामोश हैं।

इंसान है या चूहा

पता नहीं कोई चूहा खुद को इंसान कहे जाने पर नाराज होगा या खुश, पर अगर आपको कोई चूहा कहे तो जाहिर है कि नाराज ही होंगे। लेकिन साहब! बात में दम तो है। हाल ही में प्रकाशित एक वैज्ञानिक शोध रिपोर्ट में बताया गया है कि इंसानों के 80 प्रतिशत जींस चूहों जैसे होते हैं। इनकी पहचान के बाद वैज्ञानिकों को अब उन जींस के साथ प्रयोग करने में काफी मदद मिलेगी जो इंसानी बीमारियों से ताल्लुक रखते हैं।

अमेरिका, ब्रिटेन तथा स्वीडन के वैज्ञानिकों के एक दल द्वारा किए गए इस शोध में कई नए जींस का पता चला है, जो असामान्य गति से विकसित हो रहे हैं।

शिल्पा ने टाली शादी

हाल ही में अपना 34वां जन्मदिन मना चुकीं शिल्पा शेट्टी अभी शादी करने नहीं जा रही हैं। इसके पहले खबर आई थी कि अपने एनआरआई मित्र राज कुंद्रा से वह इसी साल अक्टूबर में शादी कर लेंगी, लेकिन अब उन्होंने शादी का कार्यक्रम अगले साल फरवरी तक के लिए टाल दिया है। जानकार सूत्रों पर भरोसा करें तो इसकी वजह उनके पारिवारिक ज्योतिषी की सलाह है। ज्योतिषी ने उन्हें इस साल के अंत तक शादी करने से मना कर दिया है। यह अलग बात है कि खुद शिल्पा इसकी वजह जुहू में अपना घर बनना और दूसरे प्रोजेक्ट्स के काम पूरे करना बताती हैं।

आखिरकार भूटिया निलंबित

भारतीय फुटबॉल के प्रमुख सितारे भाइचुंग भूटिया का मोहन बागान के साथ चला आ रहा विवाद आखिरकार एक दुखद मोड पर पहुंच गया। नोटिस का संतोषजनक जवाब न देने और गैर जिम्मेदाराना रवैये की बात करते हुए मोहन बागान ने भूटिया को छह माह के लिए निलंबित कर दिया है। मालूम हो कि 15 मई को क्लब की ओर से नोटिस दिए जाने पर भूटिया ने उससे नाता तोडने की बात की थी। उधर क्लब का कहना है कि भूटिया ने अभ्यास ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी गैर जिम्मेदाराना रवैये का परिचय दिया है। अत: हमने फुटबॉल के हित में यह फैसला लेकर संदेश दिया है कि हमारे लिए भूटिया भी अन्य खिलाडियों की तरह ही हैं।

सखी प्रतिनिधि
 
ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
 

अन्य
परंपरागत धारणा बदल दी सास ने
बोझ बन गया है जीवन
नातजुर्बेकारी से वाइज की ये बातें हैं
जब गुरू-गोविंद दोनों मिले
टी-टाइम