सौन्दर्य समस्याएं

      
सौन्दर्य समस्याएं

मेरी कोहनियां बहुत काली हैं। इसके कारण मैं मेगा स्लीव्स वाली ड्रेस नहीं पहन पाती। मैंने वहां ब्लीच का भी इस्तेमाल किया, लेकिन कोई विशेष अंतर नहीं आया। जल्द ही मेरी शादी होने वाली है। साडी पहनने पर काली कोहनियां साफ नजर आएंगी। मेरी समस्या का यथासंभव हल बताइए।

पिंकी, कोटा, राजस्थान

आप वैक्सिंग कराएं। उससे काफी हद तक त्वचा का कालापन दूर हो जाता है। इसके अलावा नीबू के छिलके पर थोडा सा फिटकरी पाउडर डालकर कुछ देर अपनी कोहनियों पर मलें। कभी-कभी चीनी में थोडी सी ग्लिसरीन मिलाकर हलके हाथों से स्क्रबिंग करें। धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा। आप चाहें तो कंसीलर लगाकर भी कालापन छिपा सकती हैं।

मेरी आयु 21 वर्ष है। पिछले 6-7 सालों से मेरे चेहरे पर मुंहासे हैं। मैंने कुछ माह पहले पार्लर से ओजोन-डर्माब्रेजन स्टीम ट्रीटमेंट भी लिया। लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। मुझे कोई ऐसा उपाय बताइए जिससे यह हमेशा के लिए दूर हो जाएं।

रानी श्रीवास्तव, सुलतानपुर

आप अपने आहार पर विशेष ध्यान दें। ताजे फल खाएं। कम तेल का सेवन करें। पेट साफ रहना जरूरी है। जहां तक हो सके स्टीम से बचें। इससे छिद्र और खुल जाते हैं। डर्माब्रेजन तभी कराना चाहिए जब मुंहासों में पस न हो। वरना इन्फेक्शन पूरी त्वचा पर फैल जाता है। आपकी समस्या से लगता है कि शायद आपने पस के बावजूद यह ट्रीटमेंट ले लिया। आप अरोमा मैजिक मिंट क्लींजर से अपना चेहरा साफ करें। इसके अलावा घरेलू उपाय में 200 मिली. गुलाबजल में 1 चम्मच पिसा हुआ कपूर डालकर घोल लें। इसे फ्रिज में रख लें। दिन 3-4 बार चेहरा साफ करकेकॉटन में थोडा सा मिश्रण लेकर चेहरे पर लगाएं। यह एक प्रकार का क्लींजर और एंटीसेप्टिक टॉनिक भी है। इसके अलावा 2 चम्मच मुलतानी मिट्टी, 1/2 चम्मच कपूर, 5 पिसी हुई लौंग और गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर लगाएं। सूखने पर फ्रिज के ठंडे पानी से धोएं। 2-3 हफ्तों में मुंहासे कम होने लगेंगे।

मेरी उम्र 24 वर्ष है। मेरे पैर के नाखून बहुत कमजोर हैं। बहुत जल्दी ही टूट जाते हैं। कोई सरल और उपयोगी उपाय बताएं।

नीलू कपूर, दिल्ली

आप खाना खाने के बाद नाखूनों को नेल ब्रश से अच्छी तरह साफ करें। रात में सोने से पहले जैतून के तेल या अरोमा मैजिक की क्यूटिकल क्रीम से पंद्रह-बीस मिनट के लिए पैर के नाखूनों की मालिश करें। फिर बिना क्रीम पोछे सो जाएं। ऐसा रोजाना नियमित रूप से करने से लाभ मिलेगा।

मेरी उम्र 22 वर्ष है। मेरे चेहरे पर छोटे-छोटे कई तिल हो गए हैं। इस कारण चेहरा खराब लगता है। क्या तिल स्थायी रूप से ठीक हो सकते हैं? नीलिमा, अलीगढ

आप अपना चेहरा गुलाबजल से साफ करें। बाहर जाने से पहले चेहरे पर सनब्लॉक जरूर लगाएं। हफ्ते में दो बार खीरे का पेस्ट लगाएं। तिल स्थायी रूप से ठीक करने के लिए त्वचा रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।

मेरी उम्र 24 वर्ष है। मेरी त्वचा बेजान है। उसमें कसाव भी नहीं है। हाथ और पैरों की त्वचा तो ऐसी लगती है जैसे सिकुड गई हो। मैं क्या करूं?

अमृता कपूर, जयपुर

आप हफ्ते में दो बार बादाम के तेल से चेहरे और शरीर का मसाज करें। चेहरे पर मलाई का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। दिन में एक बार बादाम का तेल चेहरे पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड दें। रात में किसी अच्छी कंपनी की नाइट क्रीम चेहरे पर लगाएं। सुबह नहाने के बाद चेहरे और शरीर पर मॉयस्चराइजर लगाएं। चेहरा रगड कर न पोछें। इससे त्वचा की कुदरती नमी नष्ट हो जाएगी।

मेरी उम्र 31 वर्ष है। मेरी आंखों के नीचे काले घेरे हो गए हैं। कोई उपाय बताएं।

नीरजा, पटना

आप हफ्ते में दो बार रात में सोने से पहले बादाम के तेल आंखों के आसपास हलके हाथों से मालिश करें। इसके अलावा खीरे के स्लाइस काट अपनी आंखों पर दस-पंद्रह मिनट तक रखें। पर्याप्त नींद लें। कई बार एनीमिया का शिकार होने के कारण आंखों के नीचे काले घेरे बनने लगते हैं। अपने खानपान पर विशेष ध्यान दें। हरी पत्तेदार सब्जियां और ताजे फलों का खूब सेवन करें।

मेरी उम्र 48 वर्ष है। तीन-चार साल से मेरी गर्दन के आसपास मस्से उभर आए हैं। क्या यह सर्जरी से दूर हो सकते हैं? क्या ऐसा गले में चेन वगैरह डालने से हो जाता है? कोई उपाय बताएं।

माधुरी, दिल्ली

आप किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं। हो सकता है कि आपको मेटल से एलर्जी हो।

सखी प्रतिनिधि
 
ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(75) वोट का औसत

average:3.986664
Saving...
 

अन्य
कैसे रखें सुरक्षित मेकअप प्रोडक्ट
स्वस्थ त्वचा और सुंदर बाल
..गर चाहती हैं युवा दिखना
बाल बनें रेशम-रेशम