मेरी उम्र 23 वर्ष है। मेरी समस्या यह है कि लगभग एक साल से पीरियड्स के दौरान उल्टियां होती हैं। तीन-चार माह से मैं बहुत कमजोर भी हो गई हूं। मुझे क्या करना चाहिए?
पूनम, बहराइच
आपकी समस्या से लगता है कि आपका आहार ठीक नहीं है। आप पौष्टिक आहार लें। नियमित व्यायाम करें। हो सकता है आपको उल्टियां एसिडिटी की वजह से होती हों। अगर ऐसा है तो आप उस दौरान थोडी-थोडी देर में बार-बार खाती रहें। अगर उल्टी बहुत ज्यादा होती हो और कमजोरी लगती हो तो डॉक्टर की सलाह से आप उल्टी की दवा भी ले सकती हैं। इसके अलावा डाइजीन जेल या म्यूकेन जेल दिन में दो चम्मच तीन बार लें तो उससे भी आपको काफी राहत मिलेगी।
मैं 23 वर्षीय अविवाहित युवती हूं। कुछ दिन पहले अपने एक दोस्त के साथ गलती से संबंध बना बैठी। उसके बाद लगातार ऐसा होता रहा। इधर मेरी योनि में बहुत दर्द होने लगा है। साथ ही योनि से चिपचिपा पदार्थ लगातार निकल रहा है। मैं हमेशा पैड लगाए रखती हूं। आजकल भूख भी नहीं लग रही है। खाते समय चक्कर आने लगते हैं। मुझे बचपन से सिफलिस की समस्या है। मैं आपसे जानना चाहती हूं कि गर्भवती होने पर क्या मेरे होने वाले बच्चे को यह रोग हो जाएगा? मुझे सफर के दौरान बहुत उल्टियां होती हैं। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करूं?
अभिलाषा साहू, गोरखपुर
जैसा कि आपने बताया कि आपकी योनि से चिपचिपा पदार्थ डिस्चार्ज होता है और उसमें दर्द भी रहता है, ये सारे लक्षण इन्फेक्शन के हैं। आप स्त्री रोग विशेषज्ञा से मिलकर जांच कराएं और इन्फेक्शन का ट्रीटमेंट लें। अहम बात यह है कि आप अविवाहित हैं, इसलिए मेरी सलाह है कि आपको शादी से पहले ऐसे संबंध किसी के साथ बनाने ही नहीं चाहिए थे। आप समझदार हैं, इसलिए जानती होंगी ऐसा करना आपके स्वास्थ्य के साथ-साथ दूसरे के भी स्वास्थ्य पर असर डालेगा। दूसरी बात, यौन संबंध रखते समय हमेशा कॉण्डम का इस्तेमाल करना चाहिए। खासतौर पर आपको सिफलिस की समस्या है, इसलिए आपको इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आपका यह रोग संबंध बनाने से दूसरे को ट्रांसफर हो सकता है।
मेरी आयु 30 वर्ष है। मैं छह माह से प्रेग्नेंट हूं। मेरा वजन 49 किलो है। मेरी समस्या यह है कि मेरा वजन नहीं बढ रहा है। अल्ट्रासाउंड से पता चला है कि बच्चे की ग्रोथ बहुत कम है। आजकल मुझे भूख भी कम लगती है। खाना खाने की इच्छा ही नहीं होती। मेरी समस्या का समाधान कैसे होगा?
आभा सिंह, पटना
आपके लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना बहुत जरूरी है और आप अपने आहार में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट जैसे अंकुरित चने, मूंग शामिल करें। इसके अलावा दोनों समय खाने में एक कटोरी दाल और दो ग्लास दूध जरूर लें। इसके साथ ही कार्बोहाइड्रेट जैसे आलू, चावल और रोटी आदि जरूर लें। अगर आप तीन समय में खाना नहीं खा सकती हैं तो दिन में कई बार थोडा-थोडा जरूर लें। अगर आप वर्किंग वूमन नहीं हैं तो आपको दिन में बायीं करवट लेट कर आराम जरूर करना चाहिए। लेकिन डॉक्टर से नियमित संपर्क में रहें। उनकी राय का पालन करें।
मेरे यूट्रस में गांठ है। यह बात मुझे लगभग डेढ साल पहले पता चली। वजाइना से दुर्गधयुक्त पानी आता था और कभी-कभी खून भी निकलता था। डॉक्टर ने ऑपरेशन कराने के लिए कहा है। मैं यह भी जानना चाहती हूं कि ऑपरेशन के बाद संभोग करने में कोई परेशानी तो नहीं होगी?
शालिनी सहाय, हरदोई
आप देर मत कीजिए। डॉक्टर की राय के अनुसार उचित ऑपरेशन शीघ्र करा लीजिए। ऑपरेशन के बाद आपको संभोग में कोई दिक्कत नहीं होगी।
मैं19 वर्षीय अविवाहिता हूं। मेरा वजन 47 किलो है। मेरे पीरियड्स अनियमित हैं। पहले दिन ब्लीडिंग होती है और उसके दूसरे दिन बंद हो जाती है। पीरियड्स आने के हफ्ते भर पहले से मेरी कमर और सिर में तीव्र दर्द रहता है। मुझे डर लगता है कि कहीं ये कोई गंभीर बीमारी का लक्षण तो नहीं?
अंजली साहू, पुणे
आप अपना हीमोग्लोबिन चेक करवाएं। अगर हीमोग्लोबिन 11 ग्राम से कम है तो डॉक्टर की राय से आयरन लें। अपने आहार में प्रोटीन की मात्रा बढा दें। अपना पेल्विक अल्ट्रासाउंड भी कराएं। पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम से आपको काफी राहत मिलेगी।
मेरी उम्र 34 वर्ष है। मेरा एक 5 साल का बेटा है। मुझे पीरियड्स के बाद भी हलका डिस्चार्ज गाढा-सफेद पानी जैसा होता था। बार-बार यूरिन जाना पडता था। डॉक्टर को दिखाने पर पता चला कि मटर के बराबर पथरी की शिकायत है। उसी का इलाज चल रहा है। यह ठीक होने के बाद मैं दोबारा मां बनना चाहती हूं। लेकिन मेरा बेटा जब डेढ साल का था, तब मैंने एबॉर्शन करा लिया था। तभी से गर्भधारण नहीं हुआ। मैं जल्दी ही दूसरा बच्चा चाहती हूं। मुझे कौन सा इलाज कराना चाहिए, जिससे मैं दोबारा मां बन सकूं। मेरा पहला बच्चा ऑपरेशन से हुआ था। मेरा उचित मार्गदर्शन करें।
मधु, कानपुर
आप अपनी ट्यूब का टेस्ट कराएं। कहीं ट्यूब ब्लॉक तो नहीं हुई है। एचएसजी टेस्ट कराएं। अगर सब रिपोर्ट सामान्य है तो इसके बाद आप दोबारा मां बन सकती हैं। ट्यूब अगर ब्लॉक भी है तो भी खुल सकती है और आई.वी.एफ. (टेस्ट ट्यूब बेबी) भी करा सकती हैं।
मेरी उम्र 18 वर्ष है। मेरे स्तनों का विकास ठीक से नहीं हो पाया, जिससे मेरा आत्मविश्वास कम होता जा रहा है। मैं कोई सर्जरी या दवाइयां नहीं लेना चाहती हूं। मेरी समस्या का समाधान करें।
सीमा, बलरामपुर
आप अपना धीरज न खोएं। स्त्री रोग विशेषज्ञा से मिलें ताकि ब्रेस्ट का विकास अभी कितना है और कितना होना चाहिए इसके बारे में वह आपको विस्तार से बता सके। बेहतर खानपान और एक्सरसाइज से काफी हद तक लाभ मिल सकता है।


