मैं 41 वर्षीया विवाहिता हूं। मेरी एक 7 साल की बेटी है। मेरे पति हर रोज संबंध बनाना चाहते हैं, लेकिन मुझे ऐसा करने में काफी दर्द होता है और सूखापन महसूस होता है। इस बात को लेकर मेरे पति मुझसे से काफी नाराज रहते हैं। मेरी समस्या का समाधान करें।
कुसुम रस्तोगी, जोधपुर
इस उम्र में ऐसा होना स्वाभाविक है। हो सकता है आपको ईस्ट्रोजन की कमी हो रही हो, जिसके
कारण वजाइना में सूखापन रहता हो। इस उम्र में मेनोपॉज की संभावना शुरू हो जाती है। आप शायद प्रीमेनोपॉजल हैं। वजाइना में सूखेपन के लिए आप और आपके पति को खूब सारी के वाई जेली इस्तेमाल करनी चाहिए।
मेरी उम्र 23 वर्ष है। मेरे पीरियड्स लगभग आठ-नौ दिन तक चलते हैं और शुरू के तीन दिन तक मेरे पेट के निचले हिस्से, सिर और पैरों में बहुत दर्द व भारीपन महसूस होता है। कभी-कभी दर्द इतना तीव्र होता है कि मुझे उल्टी तक हो जाती है। उचित समाधान बताएं।
मंजु सिंह, पटना
ज्यादातर स्त्रियां यही सोचती हैं कि उन दिनों में आराम करने से तकलीफ दूर हो जाती हैं, लेकिन ऐसी धारणा गलत है। उस समय जितना आप चलेंगी-फिरेंगी, उतना ही आपका रक्तसंचार बढेगा और दर्द कम होगा। इसके अलावा आपको बेड पर लेटकर कुछ व्यायाम भी करने चाहिए, जैसे अपने दोनों पैर सीधे ऊपर करके हवा में साइकिल चलाएं। अगर आप इस दौरान टेनिस या बैडमिंटन खेलती हैं तो भी लाभ होगा। आप अपना पेल्विक अल्ट्रासाउंड भी कराएं, जिससे पता चले कि कोई अन्य समस्या तो नहीं है।
मेरी उम्र 19 वर्ष है। मेरे पीरियड्स नियमित
हैं। मेरी समस्या यह है कि मेरे साथ की
सभी लडकियों के स्तन पूर्णतया विकसित हैं, लेकिन मेरे स्तन बहुत छोटे हैं। उनका संपूर्ण विकास नहीं हो पाया है। इस कारण मुझमें हीन भावना घर कर गई है। क्या ऐसा कोई उपाय है जिससे मेरे स्तन बडे हो जाएं और उनमें उभार आ जाए?
आरुशी विश्वकर्मा, जलालपुर
अगर आप ज्यादा दुबली-पतली हैं तो ब्रेस्ट
भी उसी अनुरूप छोटे होंगे। चेस्ट एंड अपर आर्म्स एक्सरसाइज करके कुछ हद तक
इन्हें विकसित किया जा सकता है। जब आप शादी के बाद गर्भवती होंगी तो आपके ब्रेस्ट प्राकृतिक रूप से बडे हो जाएंगे। ऑपरेशन के द्वारा इंप्लांट्स भी हो सकता है। पर अभी बेहतर यही होगा कि आप पैडेड ब्रा पहनें।
मैं 43 वर्षीया अविवाहिता हूं। मेरा वजन 52 किलो है। लगभग छह महीने से मेरे पीरियड्स अनियमित हो गए हैं। कभी-कभी दो माह बाद होते हैं। लगभग पांच माह से मेरी योनि में चुभन और दर्द भी रहता है। खास तौर पर तब, जब मैं कपडे धोती हूं या किचेन का काम करती हूं। यह कोई चिंता वाली बात तो नहीं है? मुझे क्या करना चाहिए?
पिंकी रिवाधर, सोनीपत
हो सकता है आपको मेनोपॉज होने वाला
हो। सामान्यतया यह पचास साल में होता है, लेकिन उसके पांच साल पहले से ऐसे लक्षण नजर आते हैं। अगर आपको प्री मेनोपॉजल है तो यह ईस्ट्रोजन की कमी के कारण हो सकता है। इसके साथ-साथ बच्चेदानी नीचे की तरफ गिर सकती है, जिसे प्रोलैप्स कहते हैं। आपको स्त्री रोग विशेषज्ञा से मिलकर तुरंत जांच करानी चाहिए कि बच्चेदानी की थैली नीचे तो नहीं आई है। उसके बाद ही सही इलाज हो सकता है।
मैं 34 वर्षीया विवाहिता हूं। मेरा एक चार साल का बेटा है। इधर कुछ दिनों से मेरे निप्पल से पानी जैसा कुछ हलका-हलका डिस्चार्ज हो रहा है। हलका दबाने से थोडा-थोडा तेजी के साथ निकल आता है। हालांकि बेटे का जन्म ऑपरेशन से हुआ था और मैंने पहले दिन से ही दूध न निकलने के कारण उसे बाहर का दिया। मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करूं? यह किसी गंभीर बीमारी का लक्षण तो नहीं?
स्मृति छाया, नैनीताल
अगर ब्रेन में पिट्यूटरी टयूमर हो तो ब्रेस्ट
से दूध जैसा कुछ डिस्चार्ज होता है। अगर डिस्चार्ज पानी जैसा है तो ब्रेस्ट का अल्ट्रासाउंड कराएं। अगर डिस्चार्ज दूध जैसा है तो ब्लड टेस्ट, सिरम प्रोलैक्टिन टेस्ट कराएं। इसके अलावा ब्रेस्ट विशेषज्ञ को दिखाएं।
मैं 29 वर्षीय विवाहिता हूं। मेरी कोई संतान
नहीं है। लगभग दो माह से मेरे बाएं ब्रेस्ट में
एक गांठ है, जिसे दबाने पर दर्द महसूस नहीं होता। मैं क्या करूं?
पी.एस. देव, पुणे
इसे नजरअंदाज न करें। आप किसी कुशल ब्रेस्ट सर्जन से संपर्क करके मैमोग्राफी जरूर कराएं। उसकी शायद बायप्सी की जरूरत हो। वैसे इस उम्र में बायप्सी कराना ही बेहतर होता है।
मेरी उम्र 26 वर्ष है। लगभग दो माह से पीरियड्स के दौरान पैड्स लगाने से मेरी त्वचा पर रैशेज पड जाते हैं। हालांकि मैं सफाई का पूरा ध्यान रखती हूं, लेकिन फिर भी ऐसा होता है। मैं वर्किग वूमन हूं, इसलिए 7-8 घंटे ऑफिस में
गुजारती हूं। इस दौरान मैं तीन-चार बार पैड जरूर बदलती हूं, लेकिन परेशानी होती है। कोई ऐसा उपाय बताएं कि मैं सुरक्षित भी रहूं और गीलेपन का एहसास भी न हो।
शिल्पी ओझा, नोएडा
आप स्त्री रोग विशेषज्ञा से मिलकर जांच कराएं कि कहीं आपको फंगल इंफेक्शन
तो नहीं है। आप चाहें तो उन दिनों में टैम्पून का इस्तेमाल कर सकती हैं। लेकिन उसे
दिन में दो-तीन बार जरूर बदलें। पैंटी साफ सूती का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो एक माह तक अपने पीरियड्स पोस्टपोन भी कर सकती हैं। इसके लिए एक माह तक प्रतिदिन तीन-तीन गोली प्राइमैलट एन-5 मिग्रा. इस्तेमाल करें। इस बीच सफाई का विशेष ध्यान रखें। बेहतर होगा कि आप पतले पैड्स का इस्तेमाल करें। |