मेरी शादी को आठ महीने हो चुके हैं और शादी के बाद लगातार मुझे वजाइना में इचिंग बनी रहती है। मैंने केमिस्ट से पूछकर कुछ ऑइंटमेंट्स ट्राई किए हैं लेकिन इनसे कोई स्थाई उपचार होता नहीं दिखता। मुझे क्या करना चाहिए?
सुहानी प्रकाश, अंबाला
आप किसी स्त्री रोग विशेषज्ञा के पास जाइए, ताकि बार-बार यह समस्या न हो। बीमारियों के इलाज के लिए केमिस्ट के पास नहीं जाना चाहिए। इलाज के लिए दवा लेने जाना चाहिए। वरना आपकी परेशानी का सही इलाज ढूंढ पाना मुश्किल होगा। केमिस्ट डॉक्टर नहीं होते हैं। भले ही वेकुछ कॉमन दवाओं के बारे में थोडी-बहुत जानकारी रखते हैं। अपनी समस्या को हलके से न लें और स्त्री रोग विशेषज्ञा के पास जाने में आलस्य न करें।
मेरी उम्र 23 वर्ष है और मेरे पति की उम्र 30 वर्ष है। हमारी शादी को 2 वर्ष हो चुके हैं। संतान प्राप्ति न होने पर डॉक्टर ने टेस्ट कराने की सलाह दी। टेस्ट में मेरे पति का टोटल स्पर्म कंसेंट्रेशन निल निकला है। डॉक्टर का कहना है कि हमारे बच्चे नहीं हो सकते हैं। क्या यह सच है? क्या हमें संतान सुख कभी नहीं मिल पाएगा? कोई उपाय हो तो बताइए?
पूनम, देहरादून
आप अपने पति को किसी एंड्रोलॉजिस्ट के पास लेकर जाएं। सिर्फ एक बार जांच करने पर स्पर्म निल आए तो उससे यह नहीं कहा जा सकता कि वाकई स्पर्म एकदम निल है। कम से कम तीन जांच के बाद भी अगर निल आए तभी ऐसा कहा जा सकता है। आप तुरंत उन्हें ले जाकर किसी कुशल एंड्रोलॉजिस्ट से सलाह लें। समय इधर-उधर नष्ट न करें।
मेरी उम्र 29 वर्ष है। मेरी शादी को एक वर्ष हो चुका है। लेकिन अभी तक संतानसुख से वंचित हूं। मुझे थायरॉयड की शिकायत है। कहीं इस कारण तो मैं गर्भधारण नहीं कर पा रही हूं? हम बच्चा जल्दी ही चाहते हैं। यह कैसे संभव हो सकता है? इसके लिए मुझे और मेरे पति को क्या-क्या जांच कराने की जरूरत है?
विनीता भूषण, इलाहाबाद
अगर थायरॉयड की समस्या है और उसका कंट्रोल ठीक है तो गर्भ न धारण कर पाने का यह कारण नहीं हो सकता। गर्भधारण न कर पाने का दूसरा कारण ढूंढना होगा। आप अपने पति की सीमेन एनालिसिस कराएं। अपनी जांच कराएं और यह भी देखें कि अंडा बन रहा है या नहीं। ओवोल्यूशन स्टडी करानी होगी। इसके लिए आपको पूरे महीने नियमित रूप से जांच करवाने जाना होगा। कई बार अकसर ऐसा होता है कि स्त्रियां समझती हैं कि थायरॉयड की दवा लेने से वह ठीक हो गया होगा, लेकिन हर माह टेस्ट करवाना जरूरी है। ताकि यह पता चले कि वह नियंत्रित है या नहीं। यानी थायरॉयड कम हो रहा है या नहीं, कितना कम हुआ और दवाएं भी उसी के अनुसार हाई डोज लेनी हैं या नहीं, कम करनी हैं या ज्यादा यह बात चेक करनी जरूरी है। अगर आपकी थायरॉयड समस्या नियंत्रित है तो गर्भधारण में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
मैं लगभग एक साल से पिल्स ले रही हूं। उसे लेने के बाद मुझे व्हाइट डिस्चार्ज होने लगा है। लेकिन किसी प्रकार की जलन या खुजली नहीं होती है। मुझे क्या करना चाहिए?
भावना कपूर, अंबाला
कई बार पिल्स लेने से डिस्चार्ज ज्यादा होता है। जांच के बाद ही बताया जा सकता है कि आपको किसी प्रकार के ट्रीटमेंट की जरूरत है या नहीं।
मेरी उम्र 18 वर्ष है। मेरे स्तनों का विकास ठीक से नहीं हो पाया, जिससे मेरा आत्मविश्वास कम होता जा रहा है। मैं कोई सर्जरी या मेडिसिन नहीं लेना चाहती हूं। क्या योग से इसका समाधान हो सकता है?
आरती कपिला, दिल्ली
आप अपना धीरज न खोएं। स्त्री रोग विशेषज्ञा से मिलें ताकि ब्रेस्ट का विकास अभी कितना है और कितना होना चाहिए, इसके बारे में वह आपको विस्तार से बता सके। बेहतर खानपान और एक्सरसाइज से काफी हद तक लाभ मिल सकता है।
मेरी उम्र 32 वर्ष है। मेरा 6 साल का बेटा है। मुझे पीरियड्स के बाद भी हलका डिस्चार्ज गाढा-सफेद पानी जैसा होता था। बार-बार यूरिन जाना पडता था। डॉक्टर को दिखाने पर पता चला कि दाल के बराबर पथरी की शिकायत है। उसी का इलाज चल रहा है। यह ठीक होने के बाद मैं दोबारा मां बनना चाहती हूं। लेकिन मेरा बेटा जब डेढ साल का था, तब मैंने एबॉर्शन करा लिया था। तभी से गर्भधारण नहीं हुआ। मैं जल्दी ही दूसरा बच्चा चाहती हूं। मेरा पहला बच्चा ऑपरेशन से हुआ। मेरा मार्गदर्शन करें?
मधु, कानपुर
आप ट्यूब का टेस्ट कराएं। कहीं ट्यूब ब्लॉक तो नहीं हुई है। एचएसजी टेस्ट कराएं। अगर सब रिपोर्ट सामान्य है तो इसके बाद आप दोबारा मां बन सकती हैं। ट्यूब अगर ब्लॉक है तो भी खुल सकती है और आई.वी.एफ. (टेस्ट ट्यूब बेबी) भी करा सकती हैं।
मेरी उम्र 34 वर्ष है। मेरी शादी को एक साल हो चुके हैं। मैं अभी संतानसुख से वंचित हूं। मैंने इसी कारण स्थानीय स्त्री रोग विशेषज्ञा से संपर्क किया और मेरी सीटी स्कैनिंग की गई। जिससे पता चला कि मेरे यूट्रस के चारों तरफ बडे-बडे फाइब्रॉयड्स हैं, जिससे मुझे गर्भधारण में समस्या आ रही है। डॉक्टर का कहना है कि सर्जरी की प्रक्रिया के दौरान अगर बहुत बडे-बडे फाइब्रॉयड दिखाई पडे तो वह यूट्रस ही निकाल देंगी। अभी मुझे एक भी बच्चा नहीं है, मैं यूट्रस कैसे रिमूव करवाऊं? आप ही मुझे कोई सलाह दें। क्या फाइब्रॉयड का साइज छोटा करने के लिए कोई दवा या इंजेक्शन नहीं है?
हिना सुलतान, पटना
फाइब्रॉयड रिमूव हो सकते हैं। आप किसी अच्छे अस्पताल में अच्छे डॉक्टर से रिमूव कराएं। पर जरूरी नहीं है कि यूट्रस निकाला जाए। आप यूट्रस रिमूव न कराएं। आप चाहें तो ऑपरेशन के बजाय इंजेक्शन ले सकती हैं, तकरीबन छह माह तक। लेकिन इंजेक्शन एक टेंपरेरी इलाज है। आप जब तक इंजेक्शन लेंगी तब तक प्रेग्नेंसी की संभावना नहीं होगी। इंजेक्शन के जरिये इनका साइज भी छोटा किया जा सकता है, पर इंजेक्शन लेने के तुरंत बाद कंसीव करना जरूरी है।
इसलिए इस मामले में आप किसी स्पेशलिस्ट की राय लें। भूलकर भी यूट्रस रिमूव कराने का निर्णय न लें। |